सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 9 अक्टूबर। विश्व अंडा दिवस के अवसर पर अंडे के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया। प्रत्येक वर्ष अक्टूबर के दूसरे शुक्रवार को मनाया जाने वाला यह दिवस इस वर्ष 9 अक्टूबर को मनाया जा रहा है। वर्ष 1996 में शुरू हुए विश्व अंडा दिवस की इस वर्ष 30वीं वर्षगांठ है। इस वर्ष की थीम “Protein that Powers and Protects” यानी च्च्ऊर्जा देने और स्वास्थ्य की रक्षा करने वाला प्रोटीनज्ज् रखी गई है।
पशु पालन विभाग के अतिरिक्त उप संचालक डॉ. सी.के. मिश्रा ने बताया कि अंडा उच्च गुणवत्ता वाले प्रोटीन का सुलभ स्रोत है। इसमें शरीर के लिए आवश्यक सभी नौ आवश्यक अमीनो एसिड पाए जाते हैं। प्रोटीन मांसपेशियों के विकास, मरम्मत और रखरखाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने बताया कि अंडे में प्रोटीन के अलावा विटामिन डी, विटामिन बी-12, कोलीन और सेलेनियम जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। ये पोषक तत्व हड्डियों, मस्तिष्क, तंत्रिका तंत्र और प्रतिरक्षा प्रणाली के सामान्य कामकाज में योगदान करते हैं।
डॉ. मिश्रा के अनुसार बच्चों एवं किशोरों के शारीरिक विकास, युवाओं में मांसपेशियों के रखरखाव तथा बुजुर्गों में स्वस्थ उम्र बढऩे के लिए संतुलित आहार में पर्याप्त प्रोटीन जरूरी है। अंडा आसानी से उपलब्ध और बहुउपयोगी खाद्य पदार्थ होने के कारण इसे संतुलित आहार का हिस्सा बनाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि विश्व अंडा दिवस अंडे के पोषण महत्व को समझने के साथ-साथ पोल्ट्री एवं अंडा उत्पादन से जुड़े किसानों तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था के योगदान को रेखांकित करने का भी अवसर है। उन्होंने आम नागरिकों से अपनी आवश्यकता और स्वास्थ्य संबंधी सलाह के अनुसार अंडे सहित विभिन्न पौष्टिक खाद्य पदार्थों को संतुलित आहार में शामिल करने की अपील की।