सरगुजा
भैयाथान, 8 अक्टूबर। अनुविभाग में नवपदस्थ अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अजय मोडिय़म ने गुरुवार को कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों से क्षेत्र की प्रशासनिक व्यवस्था और लंबित प्रकरणों की जानकारी ली।
नवपदस्थ एसडीएम अजय मोडिय़म इससे पहले सुकमा जिले के साथ सूरजपुर जिले के रामानुजनगर में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। उन्होंने पदभार ग्रहण करने के बाद अपनी प्राथमिकताएं बताते हुए कहा कि जनता से जुड़े कार्यों का त्वरित और समयबद्ध निराकरण उनकी पहली प्राथमिकता होगी व शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
वहीं विभाग में लंबित एवं अधूरे कार्यों को चिन्हांकित कर उन्हें निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने पर भी विशेष जोर दिया जाएगा तथा आम लोगों को अपने कार्यों के लिए अनावश्यक परेशानी न हो और प्रशासन के प्रति उनका विश्वास मजबूत हो, इसके लिए पारदर्शी एवं जवाबदेह प्रशासन उपलब्ध कराने का प्रयास रहेगा।