सरगुजा

महिमा चौधरी के हाथों डॉ. डीके सोनी को एलीट लीडरशिप अवार्ड
07-Oct-2026 8:25 PM
महिमा चौधरी के हाथों डॉ. डीके सोनी को एलीट लीडरशिप अवार्ड

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 7 अक्टूबर। जनहित, सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और नागरिक अधिकारों के क्षेत्र में सक्रिय अधिवक्ता एवं आरटीआई कार्यकर्ता डॉ. डीके सोनी को राष्ट्रीय स्तर पर एलीट लीडरशिप अवार्ड 2026 से सम्मानित किया गया। उन्हें ‘एलीट लीडरशिप अवार्ड्स एंड समिट 2026’ के गोवा संस्करण में ‘आउटस्टैंडिंग एडवोकेट एंड पब्लिक इंटरेस्ट एक्टिविस्ट अवार्ड’ प्रदान किया गया।

गोवा के कैंडोलिम स्थित नोवोटेल गोवा रिजॉर्ट में 2 अक्टूबर को आयोजित समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री महिमा चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके हाथों डॉ. सोनी को सम्मान पत्र एवं अवार्ड प्रदान किया गया। समारोह में देशभर से चिकित्सक, अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली हस्तियां शामिल हुईं।

डॉ. सोनी लंबे समय से आरटीआई, जनहित याचिकाओं और कानूनी माध्यमों के जरिए आम नागरिकों से जुड़े मुद्दे उठाते रहे हैं। सरकारी विभागों में पारदर्शिता, सार्वजनिक संसाधनों के उपयोग, नागरिक अधिकारों, भ्रष्टाचार एवं प्रशासनिक अनियमितताओं से जुड़े मामलों को दस्तावेजी साक्ष्यों के साथ संबंधित विभागों और न्यायालयों के समक्ष उठाना उनके कार्यों का प्रमुख हिस्सा रहा है।

‘सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस’ के माध्यम से भी वे जरूरतमंद लोगों को कानूनी प्रक्रिया की जानकारी देने तथा जनहित से जुड़े मामलों को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए कार्य कर रहे हैं। आरटीआई और जनहित याचिकाओं के माध्यम से सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों को उठाने में उनकी सक्रियता रही है।

डॉ. सोनी के अनुसार, एलीट लीडरशिप अवार्ड 2026 उनका 55वां सम्मान है। इससे पहले भी उन्हें जनहित, सामाजिक न्याय, आरटीआई और भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्यों के लिए विभिन्न मंचों पर सम्मानित किया जा चुका है।

सम्मान मिलने पर डॉ. सोनी ने कहा कि पुरस्कार से अधिक महत्वपूर्ण आम नागरिकों के अधिकारों के लिए निरंतर काम करना है। यह सम्मान उन्हें जनहित, सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए और अधिक प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की आवाज को उचित मंच तक पहुंचाने तथा भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के खिलाफ कानूनी माध्यमों से संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।

डॉ. सोनी को राष्ट्रीय स्तर पर मिले सम्मान से अंबिकापुर और सरगुजा के अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं उनके शुभचिंतकों में खुशी है। लोगों ने इसे सरगुजा के लिए भी गौरव का विषय बताया है।


अन्य पोस्ट