सरगुजा
सिमरन भगत ने 200 मीटर दौड़ में जीता स्वर्ण, बास्केटबॉल और बॉय खो-खो में द्वितीय
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 7 अक्टूबर। सरगुजा ओलिंपिक के संभागीय स्तर की प्रतियोगिताओं में माउंट लिट्रा जी स्कूल अंबिकापुर के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा सिमरन भगत ने 200 मीटर दौड़ में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं दिव्यांशी सिंह की कप्तानी में गर्ल्स बास्केटबॉल टीम और शोभित राय के नेतृत्व में बॉयज खो-खो टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
200 मीटर दौड़ में सिमरन भगत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। उनकी सफलता ने विद्यालय परिवार में खुशी की लहर दौड़ा दी। दूसरी ओर गर्ल्स बास्केटबॉल टीम ने कप्तान दिव्यांशी सिंह के नेतृत्व में बेहतरीन तालमेल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय देते हुए प्रतियोगिता में दूसरा स्थान प्राप्त किया। बॉयज खो-खो टीम ने भी कप्तान शोभित राय के नेतृत्व में शानदार प्रदर्शन कर द्वितीय स्थान हासिल किया।
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के निदेशक केपी दीक्षित, उत्तम सिंह सिसोदिया, राजू अग्रवाल, दीपेश गुप्ता, नितेश मेहता, प्रतीक दीक्षित एवं अकादमिक निदेशक डॉ. बृजेश पांडे ने विजेता खिलाडिय़ों और उनके मार्गदर्शकों को बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्राचार्या वर्षा अग्रवाल ने खिलाडिय़ों की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शारीरिक शिक्षा प्रशिक्षक खुशबू गुप्ता और दुर्गा यादव के समर्पित मार्गदर्शन, प्रशिक्षण एवं निरंतर प्रोत्साहन की भी सराहना की।
खिलाडिय़ों ने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय प्रबंधन और प्रशिक्षकों को देते हुए कहा कि विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई खेल सुविधाओं, नियमित अभ्यास और प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन से उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिला। उन्होंने कहा कि निरंतर अभ्यास और प्रोत्साहन ने उन्हें संभागीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास दिया।
विद्यालय परिवार ने सभी खिलाडिय़ों एवं उनके प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।