सरगुजा

हाथी प्रभावित ग्रामीणों की महासभा, मुआवजे की मांग
06-Oct-2026 8:57 PM
हाथी प्रभावित ग्रामीणों की महासभा, मुआवजे की मांग

उदयपुर, 6 अक्टूबर। उदयपुर विकासखंड के ग्राम फुनगी स्थित प्राथमिक शाला के पास रविवार को ग्राम पंचायत रामनगर के सरपंच प्रदीप सिंह मरकाम की अगुवाई में हाथी प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों की महासभा आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण, किसान, जनप्रतिनिधि, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं पत्रकार उपस्थित रहे। महासभा में जंगली हाथियों से हो रहे फसल नुकसान और जनहानि को लेकर सरकार के समक्ष विभिन्न मांगें रखी गईं।

महासभा में लक्ष्मणगढ़, सुखरी भंडार, सानीबर्रा, मानपुर, मोहनपुर, महेशपुर, उपका, जजगी, जजगा, उदयपुर, झिरमिट्टी, रामनगर और फुनगी सहित आसपास के हाथी प्रभावित गांवों के ग्रामीण शामिल हुए। बैठक में वन विभाग से रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे, सिद्धार्थ सिंह देव जनपद उपाध्यक्ष, पत्रकार क्रांति रावत, गोपाल यादव, सानीबर्रा सरपंच मनबोध मरकाम, महेशपुर सरपंच कपिल सिंह, मानपुर सरपंच सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

महासभा की अगुवाई करते हुए सरपंच प्रदीप सिंह मरकाम ने हाथी-मानव संघर्ष से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को सामने रखते हुए सरकार के समक्ष पांच प्रमुख मांगें रखीं। पहली मांग जंगली हाथियों के लिए अलग से रिजर्व जंगल क्षेत्र विकसित करने की है, जहां हाथियों के लिए पर्याप्त पानी और भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि हाथी आबादी वाले क्षेत्रों में प्रवेश न करें। दूसरी मांग हाथियों द्वारा बर्बाद की जा रही फसलों के लिए मुआवजा बढ़ाकर 62 हजार रुपये प्रति एकड़ करने की रखी गई। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में मिलने वाली क्षतिपूर्ति से किसान के पूरे साल के परिवार का भरण-पोषण करना संभव नहीं है। तीसरी मांग हाथी के हमले में किसी किसान अथवा व्यक्ति की मृत्यु होने पर पीडि़त परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने तथा परिवार के एक वयस्क सदस्य को सरकारी नौकरी देने की है।

 चौथी मांग खेतों में लगाए जाने वाले झटका तार की बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने अथवा किसानों को झटका तार लगाने की अनुमति देने से संबंधित रही। पांचवीं मांग धान की फसल को भी फसल बीमा योजना के दायरे में शामिल करने की रखी गई, ताकि प्राकृतिक आपदा एवं हाथियों से होने वाले नुकसान की स्थिति में किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

ग्रामीणों ने एकमत होकर किया समर्थन

बैठक में उक्त सभी मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके बाद हाथी प्रभावित क्षेत्रों से पहुंचे ग्रामीणों ने एकमत होकर मांगों का समर्थन किया। जनपद उपाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंहदेव ने भी ग्रामीणों की समस्याओं और मांगों पर विस्तार से चर्चा करते हुए उन्हें जायज बताया तथा ग्रामीणों की मांगों के प्रति अपना समर्थन व्यक्त किया।

ग्रामीणों ने कहा कि किसान के लिए उसकी फसल वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी का परिणाम होती है। यदि हाथियों के झुंड पूरी फसल को रौंदकर नष्ट कर देते हैं तो वर्तमान में मिलने वाली क्षतिपूर्ति से परिवार का सालभर भरण-पोषण करना बेहद मुश्किल हो जाता है। लगातार फसल नुकसान से किसानों की आर्थिक स्थिति खराब होती जा रही है।

ग्रामीणों ने सरकार से मांग की कि हाथी-मानव संघर्ष की समस्या का स्थायी समाधान निकालते हुए उनकी मांगों पर तत्काल सकारात्मक निर्णय लिया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए तो हाथी प्रभावित क्षेत्रों के किसानों की आर्थिक स्थिति और भी दयनीय हो सकती है।


अन्य पोस्ट