सरगुजा
फैक्ट्री से काम कर लौट रहे थे तीनों
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली, 6 अक्टूबर। अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग-43 पर झरगंवा मोड़ के समीप सोमवार रात सडक़ पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से तेज रफ्तार बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल अंबिकापुर रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार सोमवार रात करीब 8.30 बजे झरगंवा मोड़ के समीप सडक़ पर खड़ी ट्रैक्टर की ट्रॉली से बाइक सवार तीन युवकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सडक़ पर गिर पड़े। हादसे में बतौली के कुनकुरी निवासी मुन्ना राम पिता राजनाथ पैंकरा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं अजय प्रधान उर्फ अज्जू पिता महेश प्रधान निवासी भटको ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। तीसरे घायल राजमोहन पिता सुंदर निवासी पथरई को गंभीर हालत में जिला अस्पताल अंबिकापुर भेज दिया गया है।
एल्यूमिनियम फैक्ट्री से लौट रहे थे
बताया गया कि अजय प्रधान और मुन्ना राम सिलसिला स्थित एल्यूमिनियम फैक्ट्री में काम करते थे। सोमवार को काम खत्म करने के बाद दोनों बाइक से बतौली स्थित अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में उन्होंने अपने परिचित राजमोहन को भी बाइक पर बैठा लिया। इसके बाद तीनों युवक बाइक से घर की ओर रवाना हुए। झरगंवा मोड़ के पास अंधेरे में सडक़ पर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक की टक्कर हो गई।
हादसे के बाद तीनों युवक सडक़ पर मुंह के बल जा गिरे। दुर्घटना की सूचना मिलने पर 112 के आरक्षक जितेंद्र सिंह और ग्रामीणों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मुन्ना राम को मृत घोषित कर दिया। उपचार के दौरान अजय प्रधान की भी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल राजमोहन को जिला अस्पताल अंबिकापुर भेजा गया है।
एक ही क्षेत्र के दो युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।