सरगुजा

अंबिकापुर-रेणुकूट नई रेल परियोजना को बजट में शामिल करने की मांग
06-Oct-2026 8:51 PM
अंबिकापुर-रेणुकूट नई रेल परियोजना को बजट में शामिल करने की मांग

रेल संघर्ष समिति ने डीआरएम सुधांशु रंजन को सौंपा ज्ञापन, इंटरसिटी और ट्रेन सुविधाओं पर चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 6 अक्टूबर। सरगुजा क्षेत्र रेल संघर्ष समिति की ओर से मंगलवार शाम अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में बिलासपुर मंडल रेल प्रबंधक सुधांशु रंजन को ज्ञापन सौंपा गया। समिति ने अंबिकापुर-रेणुकूट नई रेल लाइन परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी देने तथा आगामी आम बजट 2027-28 में परियोजना को शामिल करने के लिए प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेजने की मांग की। इस दौरान क्षेत्र की विभिन्न रेल सुविधाओं को लेकर डीआरएम से विस्तृत चर्चा भी की गई।

समिति की ओर से कैलाश मिश्रा ने अंबिकापुर-रायपुर इंटरसिटी ट्रेन जल्द शुरू करने का सुझाव रखा। इस पर डीआरएम ने बताया कि अंबिकापुर रेलवे स्टेशन में आवश्यक अधोसंरचना से जुड़े कार्य, जिसमें पीट लाइन और अतिरिक्त प्लेटफॉर्म का निर्माण शामिल है, पूरा होने के बाद नई यात्री ट्रेन शुरू करने की दिशा में कार्रवाई की जा सकेगी।

बैठक में अनूपपुर-अंबिकापुर रेल सेवा को लेकर भी चर्चा हुई। समिति ने बताया कि सुबह 3 बजे से दोपहर 2 बजे के बीच अनूपपुर से अंबिकापुर के बीच पर्याप्त ट्रेन सुविधा नहीं होने से दिल्ली से आने वाले यात्रियों को काफी असुविधा होती है। इस समस्या के समाधान के लिए कोरोना काल से पूर्व की तरह सुबह 10 बजे अनूपपुर से अंबिकापुर के लिए ट्रेन चलाने की मांग रखी गई। डीआरएम ने इस संबंध में आवश्यक पहल का आश्वासन दिया।

इसके अलावा मनेंद्रगढ़-बिजुरी-अंबिकापुर ट्रेन को मनेंद्रगढ़-अनूपपुर-अंबिकापुर मार्ग से संचालित करने की संभावना पर भी चर्चा हुई। डीआरएम ने इसके लिए परीक्षण कराने की बात कही।

समिति ने अंबिकापुर-दुर्ग ट्रेन के लगातार विलंब से चलने की समस्या भी डीआरएम के समक्ष रखी। इस पर उन्होंने बताया कि पिछले 15-20 दिनों से रायपुर डीआरएम और उनके स्तर पर ट्रेन के परिचालन की निगरानी की जा रही थी तथा समय का पालन भी हो रहा था। उन्होंने अधीनस्थ ऑपरेशन मैनेजर को ट्रेन के परिचालन पर लगातार निगरानी रखने और विलंब की समस्या को दूर करने के निर्देश दिए।

अंबिकापुर-रेणुकूट नई रेल लाइन परियोजना को आगामी बजट में शामिल करने के संबंध में डीआरएम ने समिति के ज्ञापन में उल्लिखित प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड को अग्रेषित करने का आश्वासन दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजना को बजट में शामिल करने और अंतिम स्वीकृति का निर्णय रेलवे बोर्ड के स्तर पर ही लिया जाएगा।


अन्य पोस्ट