सरगुजा
आईजी दीपक झा ने पोर्टल की गिनाईं खासियत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
सरगुजा, 6 अक्टूबर। पुलिस मुख्यालय रायपुर के निर्देश पर सरगुजा रेंज में जीआरएम एवं एमआरएम पोर्टल के प्रभावी उपयोग को लेकर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला राजमोहिनी भवन, अंबिकापुर में आयोजित की गई। इसमें रेंज के साइबर नोडल अधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी, विवेचक तथा विभिन्न बैंकों के अधिकारी-कर्मचारी सहित करीब 430 पुलिस एवं बैंककर्मी शामिल हुए।
कार्यशाला का शुभारंभ आईजी सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा, पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल और एआईजी कवि गुप्ता ने मां सरस्वती की पूजा-अर्चना व दीप प्रज्ज्वलन से किया। पुलिस मुख्यालय से आए तकनीकी विशेषज्ञ एआईजी कवि गुप्ता ने जीआरएम (शिकायत निवारण मॉड्यूल) और एमआरएम (मनी रिड्रेसल मॉड्यूल) की उपयोगिता, प्रक्रिया और तकनीकी बारीकियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एमआरएम पोर्टल के माध्यम से साइबर ठगी में होल्ड की गई राशि को निर्धारित प्रक्रिया पूरी कर पीडि़त को वापस कराने की कार्रवाई की जाती है। वहीं, साइबर शिकायत के कारण फ्रीज बैंक खाते को वैध दस्तावेज, केवाईसी और ऑनलाइन लेन-देन के प्रमाण प्रस्तुत करने के बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत अनफ्रीज कराया जा सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान पोर्टल के संचालन में आने वाली तकनीकी त्रुटियों और उनके समाधान की जानकारी भी दी गई। कार्यशाला में रेंज के सभी जिलों के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, साइबर सेल स्टाफ एवं बैंक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।