सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 अक्टूबर। ग्राम खैरबार बदुलापारा स्थित वाहन गैरेज के कमरे में युवक की हत्या में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने आपसी विवाद के बाद लोहे के बसीला से युवक के सिर और गर्दन पर वार कर उसकी हत्या की थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो लोहे के बसीला बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 4 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि खैरबार बदुलापारा स्थित एक वाहन गैरेज के कमरे में युवक का शव खून से लथपथ हालत में पड़ा है। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान विश्वजीत कुल्हाड़े उर्फ राजा के रूप में हुई। वह वाहन मैकेनिक का काम सीख रहा था और रात में गैरेज के कमरे में ही सोता था। जांच के दौरान उसके सिर के पीछे और गर्दन पर धारदार हथियार से गंभीर चोट के निशान मिले।
मृतक के संबंध में रमेश सोनी की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 701/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने तत्काल जांच तेज की।
कोतवाली पुलिस ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक साक्ष्य जुटाए। चश्मदीद गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों की पहचान की। इसके बाद खैरबार बदुलापारा निवासी आकाश उर्फ चिंटू (26) और आकाश कंवर (19) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना वाली रात मृतक के साथ विवाद होने की बात स्वीकार की। विवाद के बाद दोनों ने लोहे के बसीला से विश्वजीत पर हमला कर उसकी हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो लोहे के बसीला जब्त किए हैं।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।