सरगुजा

दोस्त की हत्या, 2 बंदी
04-Oct-2026 8:15 PM
दोस्त की हत्या, 2 बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 4 अक्टूबर। शहर से लगे ग्राम पंचायत खैरबार में करमा त्योहार के दौरान दोस्तों के बीच हुआ विवाद हत्या में बदल गया। आरोप है कि दो युवकों ने अपने दोस्त विश्वदीप उर्फ राजा की पहले मारपीट की और फिर कुल्हाड़ी से उसके गले पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से विश्वदीप की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

मृतक विश्वदीप मूल रूप से कोरिया जिले के पटना का रहने वाला था। करीब तीन साल पहले वह रोजगार की तलाश में अंबिकापुर आया था। खैरबार में रहकर वह मोटर मैकेनिक का काम सीख रहा था और एक गैरेज में काम करता था। इसी दौरान उसकी पहचान गांव के आकाश और आकाश कुमार से हुई थी।

पुलिस के अनुसार, तीन अक्टूबर की रात करीब 10 बजे विश्वदीप अपने दोस्तों आकाश, आकाश कुमार और शनि कुमार के साथ करमा त्योहार मनाने गांव में गया था।

वहां किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढऩे पर आकाश ने विश्वदीप को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद सभी अपने-अपने घर चले गए और विश्वदीप गैरेज स्थित अपने कमरे में लौट आया। उस समय शनि कुमार भी उसके साथ था।

बताया गया कि कुछ देर बाद आकाश और आकाश कुमार वहां पहुंचे। आरोप है कि दोनों ने पहले शनि कुमार के साथ मारपीट की और उसे वहां से भगा दिया। इसके बाद कमरे में विश्वदीप के साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए विश्वदीप ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन शटर बंद होने के कारण वह बाहर नहीं जा सका। मारपीट के दौरान वह बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपियों ने कुल्हाड़ी से उसके गले पर वार कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और विधि विज्ञान प्रयोगशाला की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच में आरोपियों के नशे में होने की बात सामने आई है। पुलिस विवाद की वास्तविक वजह और किसी पुरानी रंजिश की आशंका की भी जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट