सरगुजा
अग्रसेन जयंती से पहले समाज में उत्सव, बच्चों ने धर्म-संस्कारों के साथ सामाजिक सरोकारों की दिखाई झलक
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 4 अक्टूबर। भगवान श्री अग्रसेन जी की 5150वीं जयंती से पहले अग्रवाल समाज में उत्सव का माहौल है। श्री अग्रवाल सभा अंबिकापुर की ओर से सामाजिक, सांस्कृतिक और मनोरंजक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में हुई विविध वेशभूषा प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह के साथ भाग लिया। कोई भगवान के रूप में सजा तो किसी ने आकर्षक वेशभूषा के जरिए स्वच्छता, जल संरक्षण और बेटी बचाओ का संदेश दिया।
बच्चों ने विभिन्न देवी-देवताओं का रूप धारण कर अपनी आस्था और संस्कारों का परिचय दिया। उनकी प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान खींचा। प्रतियोगिता में धार्मिक संदेशों के साथ सामाजिक जागरूकता की झलक भी देखने को मिली। बच्चों ने अपनी वेशभूषा और प्रस्तुति के माध्यम से समाज को अच्छे संदेश देने का प्रयास किया।
रविवार को पुरुषों एवं बच्चों के लिए दौड़, टर्फ क्रिकेट, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, चित्रकला और कुर्सी दौड़ प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं एवं बालिकाओं के लिए संगीत पर खो-खो, समधी स्वागत, माला बनाओ, मंत्रों का उच्चारण, मिट्टी कला और एक मिनट की प्रतियोगिता रखी गई। सभी प्रतियोगिताओं में समाज के लोगों ने बढ़-चढक़र हिस्सा लिया।
श्री अग्रवाल सभा के अध्यक्ष संजय मित्तल ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में शामिल होकर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सभी वर्गों में आयोजन को लेकर खासा उत्साह है। आज की आधुनिक जीवनशैली में नई पीढ़ी को धर्म और संस्कारों से जोडऩा आवश्यक है। इसके लिए समाज के सभी लोगों को मिलकर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विविध वेशभूषा प्रतियोगिता में बच्चों ने जिस तरह भगवानों का रूप धारण किया और सामाजिक संदेश दिए, उससे पता चलता है कि नई पीढ़ी भी अपने धर्म, संस्कृति और संस्कारों के प्रति जागरूक है। अग्रसेन जयंती के अवसर पर आयोजित ये कार्यक्रम समाज के लोगों को एक साथ जोडऩे और बच्चों की प्रतिभा को मंच देने का काम कर रहे हैं।
आयोजनों को सफल बनाने में उपाध्यक्ष मनोज अग्रवाल, शुभम अग्रवाल, सचिव संजय अग्रवाल, घनश्याम गर्ग, पवन अग्रवाल, सुभाष अग्रवाल, मनोज जैन, विनोद अग्रवाल, कैलाश गोयल, जनम अग्रवाल, अशोक अग्रवाल, हेमंत अग्रवाल, नरेश अग्रवाल, विजय बंसल, सचिन अग्रवाल, सुशील गोयल, चिराग गर्ग, अश्वनी लाल गर्ग, आयुष अग्रवाल और आशीष अग्रवाल सहित अन्य सदस्य सक्रिय हैं।
महिला सभा से अध्यक्ष मधु अग्रवाल, उपाध्यक्ष मधु गर्ग, सचिव ममता गर्ग, अंजू पोद्दार, मंजू अग्रवाल, प्रेमलता गोयल, नीलिमा अग्रवाल, सरिता सुल्तानिया, कविता अग्रवाल सहित अन्य महिलाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। युवा मंच से अध्यक्ष अतुल बंसल, शुभम अग्रवाल, आर्यु गर्ग, आदित्य अग्रवाल, निखिल गोयल, तनिष गर्ग, अंश केडिया, दीप अग्रवाल, यश मित्तल, ओम गर्ग व हर्ष गोयल तथा युवती मंच से अध्यक्ष शिखा अग्रवाल, वैष्णवी अग्रवाल, प्रियांशी अग्रवाल, प्रिया अग्रवाल, वैशाली गोयल, नेहा गर्ग, आस्था अग्रवाल, युक्ति तायल और साक्षा गोयल सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आज शहर की सडक़ों पर उतरेंगे बहुरूपिये
भगवान श्री अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में चल रहे उत्सव के तहत सोमवार को बहुरूपिया प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसमें समाज के बच्चे और युवा विभिन्न रूप धरकर शहर के मुख्य मार्गों पर नजर आएंगे। प्रतियोगिता को लेकर लोगों में खासा उत्साह है। पिछले वर्ष भी आयोजन के दौरान शहरवासियों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया था। इस बार भी बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागी अपनी कला और कल्पनाशीलता का प्रदर्शन करेंगे।