सरगुजा
अंबिकापुर, 4 अक्टूबर। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम भालूकछार इमलीपारा में जमीन बिक्री के पैसों को लेकर हुए पारिवारिक विवाद में एक पुत्र ने अपने पिता की टांगी से वार कर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने के बाद दरिमा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त खून लगी लोहे की टांगी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, भालूकछार इमलीपारा निवासी मधुवन शंकर सिंह ने 3 अक्टूबर को दरिमा थाने में सूचना दी कि उसके बड़े भाई रामाशंकर सिंह की उनके ही बेटे मुकेश कुमार सिंह ने टांगी मारकर हत्या कर दी है। सूचना पर वह मौके पर पहुंचा तो रामाशंकर का शव घर के कमरे में पड़ा था। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और काफी खून निकला हुआ था।
मामले की सूचना पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 225/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस टीम ने एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने संदेह के आधार पर रामाशंकर के बेटे मुकेश कुमार सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने जमीन बिक्री के पैसों को लेकर परिवार में विवाद होने की बात बताई। इसी दौरान नाराज होकर उसने टांगी से पिता के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटनास्थल से खून लगी टांगी जब्त की। अपराध में संलिप्तता पाए जाने पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई।