सरगुजा

लरंग साय सेवा समिति की फुटबॉल स्पर्धा शुरू
04-Oct-2026 8:11 PM
लरंग साय सेवा समिति की फुटबॉल स्पर्धा शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,4 अक्टूबर। लरंग साय सेवा समिति द्वारा आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ शनिवार को गरिमामय समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम में सनातन संत समाज के अध्यक्ष संत वबरूर वाहन महाराज, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त अनुराग सिंह देव, भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल, सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा सहित समिति के अध्यक्ष राम लखन सिंह पैकरा, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम स्थल पर अतिथियों का बाजे-गाजे के साथ स्वागत किया गया। आरती उतारकर उन्हें मंच तक लाया गया। इसके बाद अतिथियों ने भारत माता, छत्तीसगढ़ महतारी, महात्मा गांधी, संत गहिरा गुरु एवं स्वर्गीय लरंग साय के छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया। समिति की ओर से अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत किया गया।

समिति अध्यक्ष राम लखन सिंह पैकरा ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वर्गीय लरंग साय का जीवन सेवा और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देता है। उन्होंने राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हुए संत गहिरा गुरु के साथ धर्म, संस्कृति और समाज को जोडऩे का कार्य किया। समिति उनके जन्मदिवस एवं पुण्यतिथि पर रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को प्रेरित करने का प्रयास करेगी।

भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने स्वर्गीय लरंग साय के साथ अपने राजनीतिक जीवन के अनुभव साझा किए। सामरी विधायक उद्देश्वरी पैकरा ने उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान करते हुए गांव में उनके नाम से स्वागत द्वार बनाने की घोषणा की।

अनुराग सिंह देव ने कहा कि फुटबॉल प्रतियोगिता के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा। उन्होंने लरंग साय वाटिका विकसित करने तथा वहां युवाओं के लिए नियमित मिलन कार्यक्रम आयोजित करने का सुझाव दिया।

संत वबरूर वाहन महाराज ने कहा कि लरंग साय ने संत गहिरा गुरु के साथ मिलकर सनातन धर्म, संस्कृति और सामाजिक एकता के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया।

प्रतियोगिता के पहले दिन चार टीमों के बीच मुकाबले हुए। मुरका और चांगरो के बीच खेले गए मैच में चांगरो विजयी रहा, जबकि लाऊ और जरहाडीह के मुकाबले में जरहाडीह की टीम ने जीत दर्ज की। कार्यक्रम में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट