सरगुजा

संत गहिरा गुरु विवि का 19वां स्थापना दिवस समारोह
04-Oct-2026 8:11 PM
संत गहिरा गुरु विवि का 19वां स्थापना दिवस समारोह

 सांसद चिंतामणि महाराज ने युवाओं से नशे से दूर रहने का किया आह्वान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 4 अक्टूबर। संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा का 19वां स्थापना दिवस समारोह रविवार को प्रशासनिक भवन परिसर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों, विकास कार्यों, शोध, नवाचार, कौशल विकास और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरगुजा लोकसभा सांसद चिंतामणि महाराज रहे, जबकि अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले ने की। नगर निगम अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं संत गहिरा गुरु के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद राज्यगीत और कुलगीत का गायन किया गया। अतिथियों का राजकीय पट्टा, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मान किया गया।

कुलपति प्रो. राजेंद्र लाकपाले ने अपने प्रस्तावना उद्बोधन में विश्वविद्यालय की शैक्षणिक यात्रा, उपलब्धियों और भावी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण, कौशल आधारित एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। महापौर मंजूषा भगत ने उच्च शिक्षा और क्षेत्रीय विकास में विश्वविद्यालय की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन को नगरीय प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुख्य अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज ने कहा कि संत गहिरा गुरु के आदर्शों और समाज सुधार के संदेशों को आत्मसात करते हुए शिक्षा, शोध एवं अनुसंधान को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल डिग्री प्रदान करने का संस्थान नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के भविष्य का निर्माण करने वाला केंद्र है। विश्वविद्यालय को शिक्षा के साथ संस्कार, नैतिक मूल्यों, सामाजिक समरसता और जनकल्याण की दिशा में भी योगदान देना चाहिए।

सांसद ने संत गहिरा गुरु एवं गुरु माता से जुड़े प्रेरणादायी प्रसंग साझा करते हुए विद्यार्थियों को उनके जीवन दर्शन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा शिक्षा, अनुशासन और रचनात्मक गतिविधियों से जुडक़र समाज को नई दिशा दे सकते हैं।समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उप-कुलसचिव प्रवीण कुमार अग्रवाल ने आभार व्यक्त किया। ‘वंदे मातरम्’ के गायन के साथ समारोह का समापन हुआ। कार्यक्रम की रूपरेखा समारोह संयोजक प्रो. रोहितास देशमुख के निर्देशन में तैयार की गई।


अन्य पोस्ट