सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
जरही, 4 अक्टूबर। वडनगर (गुजरात) से वाराणसी (उत्तर प्रदेश) तक निकाली जा रही ‘जल जन सेवा संकल्प यात्रा’ के तहत नगर पंचायत जरही के मंगल भवन में भव्य युवा संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। बाइक यात्रा के जरही पहुंचने पर कार्यक्रम में युवाओं, भाजपा पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण जनसमुदाय ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को जल संरक्षण, जनसेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण जैसे विषयों से जोडऩा रहा। कार्यक्रम के दौरान युवाओं के साथ संवाद करते हुए जल के महत्व, उसके संरक्षण तथा समाज और राष्ट्र के प्रति युवाओं की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।
यात्रा के वडनगर से वाराणसी तक के पड़ावों को जल संरक्षण एवं जनसेवा के संदेश से जोड़ते हुए युवाओं से आह्वान किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जल बचाने, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
भव्य युवा संवाद कार्यक्रम में प्रतापपुर विधानसभा की विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते, प्रेमनगर विधायक भुलन सिंह मरावी, वन विकास निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व गृहमंत्री रामसेवक पैकरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणि देवपाल पैकरा, सूरजपुर जिलाध्यक्ष मुरली सोनी तथा जरही मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा मंडल जरही के समस्त भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण जनसमुदाय कार्यक्रम में शामिल हुआ। मंगल भवन परिसर में युवाओं और ग्रामीणों की मौजूदगी से कार्यक्रम में विशेष उत्साह देखने को मिला।
युवाओं के जोश ने बनाया कार्यक्रम को विशेष
कार्यक्रम में युवाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। युवा संवाद के दौरान जल संरक्षण और जनसेवा को केवल सरकारी प्रयासों तक सीमित न रखते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी के रूप में देखने पर जोर दिया गया।
वक्ताओं ने कहा कि जल जीवन का आधार है और आने वाली पीढिय़ों के लिए जल स्रोतों का संरक्षण आज की सबसे महत्वपूर्ण सामाजिक जिम्मेदारियों में से एक है। युवाओं की ऊर्जा और उनकी सामाजिक भागीदारी से जल संरक्षण तथा जनसेवा के अभियानों को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकता है।
जरही में यात्रा का हुआ स्वागत
वडनगर से वाराणसी तक की यह यात्रा विभिन्न क्षेत्रों से गुजरते हुए लोगों को जल संरक्षण और जनसेवा के प्रति जागरूक करने का संदेश दे रही है। जरही पहुंचने पर यात्रा से जुड़े लोगों का स्थानीय स्तर पर स्वागत किया गया और युवा संवाद के माध्यम से यात्रा के उद्देश्य को लोगों तक पहुंचाया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित ग्रामीणों ने भी जल संरक्षण, स्वच्छता और सामाजिक सहभागिता जैसे विषयों को लेकर अपनी रुचि दिखाई। आयोजन के दौरान पूरा परिसर युवाओं और कार्यकर्ताओं की सहभागिता से जीवंत नजर आया।
जनसेवा और जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संदेश
कार्यक्रम का संदेश यही रहा कि जल संरक्षण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं जनसेवा को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया।
जरही में आयोजित यह युवा संवाद कार्यक्रम ‘जल जन सेवा संकल्प यात्रा’ के उद्देश्यों को स्थानीय स्तर पर लोगों तक पहुंचाने के साथ-साथ युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोडऩे का एक महत्वपूर्ण अवसर बना।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल जरही के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता रही। बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को व्यापक जनभागीदारी का स्वरूप प्रदान किया।