सरगुजा

संस्कृत विद्यालयों को अनुदान और शिक्षकों को आर्थिक सहयोग देने की मांग
04-Oct-2026 8:09 PM
संस्कृत विद्यालयों को अनुदान और शिक्षकों को आर्थिक सहयोग देने की मांग

अंबिकापुर, 4 अक्टूबर। प्राच्य संस्कृत विद्यालय संघ छत्तीसगढ़ ने पत्रकार वार्ता कर संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार के लिए सरकार से 10 सूत्रीय मांगें रखीं। वार्ता में संस्कृत बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष परमात्मानंद, सहित अन्य उपस्थित थे।परमात्मानंद ने कहा कि संस्कृत के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार से जुडऩा पवित्र अनुष्ठान में शामिल होने जैसा है। छत्तीसगढ़ में संस्कृत पाठशालाओं में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में इन विद्यालयों को मजबूत करने और संस्कृत को जनमानस तक पहुंचाने के लिए शासन का सहयोग जरूरी है।संघ ने गैर-अनुदान प्राप्त संस्कृत विद्यालयों के शिक्षकों को सम्मानजनक आर्थिक सहयोग देने, पाठशालाओं को गुरुकुल के रूप में विकसित करने और संस्कृत के व्यापक प्रचार-प्रसार की मांग की। इसके साथ ही महाविद्यालयों में संस्कृत विषय शुरू करने, संस्कृत विद्यामंडल की अनुदान राशि बढ़ाने, संस्कृत संभाषण प्रशिक्षण को प्रोत्साहन देने और सांस्कृतिक-साहित्यिक आयोजनों में सहयोग देने की मांग भी रखी गई।

संघ की मांगों में संस्कृत अध्यापकों को नियमित प्रशिक्षण, विद्वानों से मार्गदर्शन और प्रदेश में नए संस्कृत विद्यालय खोलने के लिए प्रेरक वातावरण तैयार करना भी शामिल है।

उन्होंने कहा कि संस्कृत कठिन भाषा नहीं है। इसे सरल तरीके से जनमानस तक पहुंचाने की जरूरत है। संघ के सदस्यों ने कहा कि संस्कृत भारतीय संस्कृति की परिचायक है और देश की एकता व अखंडता की रक्षा में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।


अन्य पोस्ट