सरगुजा
पहाड़ी कोरबा बच्चों को आश्रमों और आयु-अनुरूप स्कूलों में दिलाया प्रवेश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली, 3 अक्टूबर। विकासखंड स्तरीय सेवा संकल्प अभियान के तहत मैनपाट विकासखंड में शिक्षा से वंचित बच्चों को स्कूल की मुख्यधारा से जोडऩे का उल्लेखनीय कार्य किया गया है। अभियान के अंतर्गत दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्रों, घाटियों और दुर्गम इलाकों में सर्वे कर 6 से 14 वर्ष आयु वर्ग के 48 अप्रवेशी बच्चों का चिन्हांकन किया गया। इनमें पहाड़ी कोरबा समुदाय के बच्चों को विशेष रूप से शिक्षा से जोड़ते हुए उनकी आयु और निवास क्षेत्र के अनुरूप विद्यालयों तथा पहाड़ी कोरबा आश्रमों में प्रवेश दिलाया गया।
इसी सेवा संकल्प को आगे बढ़ाते हुए शुक्रवार को कंडराजा प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। चिन्हांकित 48 बच्चों का पारंपरिक आत्मीयता के साथ स्वागत करते हुए पहले उनके चरण धोए गए, गुलाब जल से चरण प्रक्षालन किया गया और तिलक लगाकर उनका अभिनंदन किया गया। बच्चों को कॉपी-पेन प्रदान कर उनकी विद्या आरंभ प्रक्रिया को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया गया। कार्यक्रम के बाद सभी बच्चों के लिए न्योता भोज का आयोजन किया गया, जिसमें शिक्षक, समन्वयक और जनप्रतिनिधि भी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में बच्चों को जूते भी प्रदान किए गए।
शुक्रवार को कंडराजा में आयोजित कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत पहले संकुल स्तर पर आयोजित रंगोली, चित्रकला और निबंध प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को भी विशेष कार्यक्रम में पुरस्कृत किया गया। इसके अलावा पारंपरिक खेलों का आयोजन हुआ, जिसमें जलेबी दौड़ प्रमुख रही। पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत चंदन और रुद्राक्ष के पौधे भी लगाए गए।
कार्यक्रम में कंडराजा संकुल के शिक्षकों ने बढ़-चढक़र सहभागिता की। कमलेश सिंह, संकुल समन्वयक, क़ाजेश घोष, सत्य प्रकाश गुप्ता, महेश यादव, अजीत नामदेव, ओमप्रकाश, एस. कुजूर, दिनेश कुजूर, सतीश किंडो और विजय सिंह सहित शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। हॉस्टल अधीक्षक मुजस्सम खान ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सरपंच एवं उपसरपंच सहित जनप्रतिनिधियों की सहभागिता रही।
विकासखंड शिक्षा अधिकारी योगेश शाही ने बताया कि अभियान का दायरा अब माझी-माजवार समुदाय के बच्चों तक भी विस्तारित किया जाएगा। पहाड़ी कोरवा शिक्षकों की मदद भी अभियान में ली जा रही है, ताकि स्थानीय भाषा और परिस्थितियों को समझते हुए बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से प्रभावी ढंग से जोड़ा जा सके।
इस अवसर पर बच्चों के सम्मान, स्कूल वापसी, प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन और पर्यावरण संरक्षण को एक साथ जोड़ते हुए सेवा संकल्प अभियान को शिक्षा के साथ सामाजिक सरोकार का रूप दिया गया। मैनपाट में अभियान ने यह संदेश दिया कि स्कूल से बाहर रह गया प्रत्येक बच्चा केवल एक संख्या नहीं, बल्कि शिक्षा और बेहतर भविष्य का अधिकार रखने वाला विद्यार्थी है।
दाखिले के साथ बच्चों के ठहराव और निरंतर पढ़ाई पर जोर
विकासखंड शिक्षा अधिकारी योगेश शाही ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत मैनपाट ने शिक्षा से वंचित बच्चों को विद्यालय तक पहुंचाने को महत्वपूर्ण सेवा कार्य के रूप में लिया है। यह अभियान पिछले वर्ष से निरंतर जारी है। पिछले वर्ष भी अप्रवेशी बच्चों का चिन्हांकन कर उन्हें विद्यालयों और आश्रमों में दाखिला दिलाया गया था, जहां वे वर्तमान में अध्ययनरत हैं।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल बच्चों का दाखिला कराना नहीं, बल्कि उनका विद्यालय और आश्रम में ठहराव सुनिश्चित करते हुए पढ़ाई पूरी कराना है। शासन से मिलने वाली नि:शुल्क अध्ययन सामग्री के अतिरिक्त जिन आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता नहीं हो पाती, उन्हें विकासखंड स्तर पर सामूहिक प्रयास से उपलब्ध कराया जा रहा है।
शाही ने बताया कि इस अभियान के दौरान अलग-अलग भाषाओं और भौगोलिक परिस्थितियों के बीच शिक्षकों एवं प्रधान पाठकों ने दूर-दराज के पहाड़ी क्षेत्रों, घाटियों और दुर्गम स्थानों तक पहुंचकर बच्चों का चिन्हांकन किया। कंडराजा, चुरकिपानी, सारुजोबा, कोरबापारा, मूसाखोल सहित विभिन्न संकुलों में सर्वे और चिन्हांकन का कार्य किया गया। इस पूरी प्रक्रिया में प्रधान पाठकों ने समन्वय की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
चुनौतियों पर पाई विजय
अभियान के दौरान कुछ स्थानों पर चुनौतीपूर्ण परिस्थितियां भी सामने आईं। बच्चों को स्कूल से जोडऩे के लिए पहुंची टीमों को कहीं-कहीं विरोध और संघर्षपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। एक स्थान पर बच्चों के पलकों द्वारा शिक्षकों पर पत्थर फेंकने का प्रयास भी किया गया, लेकिन शिक्षकों ने धैर्य और जागरूकता के माध्यम से संवाद स्थापित किया। बाद में बच्चों और परिवारों के साथ मित्रवत संबंध बनाकर उन्हें शिक्षा के महत्व से जोड़ा गया और अभियान को सफलतापूर्वक आगे बढ़ाया गया।