सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 3 अक्टूबर। हाथियों के लगातार विचरण और फसलों को हो रहे नुकसान के बीच सांसद सरगुजा चिंतामणि महराज ने हाथी प्रभावित क्षेत्र महेशपुर, फूनगी और रामनगर का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की। क्षेत्र में हाथी के शावक की मौत तथा किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान के बाद सांसद प्रभावित ग्रामीणों के बीच पहुंचे और उनकी समस्याओं को मौके पर सुना।
सांसद ने खेतों में पहुंचकर हाथियों द्वारा फसलों को पहुंचाए गए नुकसान का जायजा लिया। इस दौरान किसानों ने हाथियों से फसल बचाने, मुआवजा सहित क्षेत्र की अन्य समस्याओं से सांसद को अवगत कराया।
रामनगर के पण्डो पारा में सांसद ने जमीन पर बैठकर ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाई। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं और स्थानीय आवश्यकताओं को विस्तार से सुना तथा उनके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों से चर्चा की। ग्रामीणों की मांग पर आंगनबाड़ी भवन, पुलिया, हाईमास्ट लाइट सहित अन्य विकास कार्यों को पूरा कराने का आश्वासन दिया गया।
सांसद ने हाथी प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित किसानों की स्थिति की जानकारी भी ली और ग्रामीणों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
मौके पर एसडीएम, तहसीलदार तारा सिदार, एसडीओ फॉरेस्ट सपना मुखर्जी, रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे, रामनगर सरपंच प्रदीप मरकाम सहित वन विभाग एवं प्रशासन के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीण मौजूद रहे।