सरगुजा
महिला मानस मंडलियों की होगी अलग प्रतियोगिता, शैला और सुगा लोकनृत्य के भी अलग-अलग मुकाबले
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 अक्टूबर। सरगुजा संभाग के प्रमुख जन-उत्सव विजयादशमी महोत्सव 2026 को भव्य और व्यापक स्वरूप देने की तैयारियों को लेकर सरगुजा सेवा समिति एवं नागरिक समिति की संयुक्त बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की अब तक की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आगामी रणनीति तय की गई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी और नागरिक समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में महापौर मंजूषा भगत, नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, अखिलेश सोनी, अग्रवाल सभा अध्यक्ष संजय मित्तल, भारत सिंह सिसोदिया, ललन प्रताप सिंह एवं त्रिलोक कपूर कुशवाहा सहित समिति के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष संभाग स्तरीय रामचरितमानस गायन प्रतियोगिता सरस्वती शिशु मंदिर सभागार के बजाय कलाकेंद्र मैदान के खुले मंच पर आयोजित की जाएगी। आयोजकों के अनुसार खुले परिसर में आयोजन होने से अधिक संख्या में श्रद्धालु और आम नागरिक मानस गायन का आनंद ले सकेंगे।
महिला मानस मंडलियों की होगी अलग प्रतियोगिता
इस वर्ष महिला मानस मंडलियों के लिए पृथक संभाग स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली मंडलियों को पुरस्कृत किया जाएगा। महिला वर्ग का प्रथम पुरस्कार 11 हजार रुपए महापौर मंजूषा भगत तथा पुरुष वर्ग का प्रथम पुरस्कार नरेंद्र सिंह टुटेजा के सौजन्य से दिया जाएगा।
सरगुजा की लोक संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से संभाग स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता में शैला (सैलानी) और सुगा नृत्य की अलग-अलग प्रतियोगिताएं कराने का निर्णय लिया गया।
दोनों विधाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दलों को अलग-अलग पुरस्कृत किया जाएगा।
बैठक में सरगुजा सेवा समिति की अध्यक्ष रजनी रविशंकर त्रिपाठी ने कहा कि विजयादशमी पर्व सरगुजा की सांस्कृतिक अस्मिता और जनआस्था से जुड़ा महापर्व है। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर कार्य करना होगा। नागरिक समिति के अध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि दोनों समितियों के बीच बेहतर समन्वय और आपसी तालमेल आयोजन की सफलता के लिए महत्वपूर्ण है।
सरगुजा सेवा समिति के उपाध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि खुले मंच पर मानस गायन और पारंपरिक लोकनृत्यों का आयोजन सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को मजबूत करेगा। भारत सिंह सिसोदिया एवं नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने आयोजन की व्यवस्थाओं और संचालन को लेकर सुझाव दिए।
महासचिव मधुसूदन शुक्ला ने 13 से 20 अक्टूबर तक प्रस्तावित आयोजनों की रूपरेखा, प्रतियोगिताओं, प्रशासनिक पत्राचार, वैधानिक अनुमतियों, पीजी कॉलेज एवं कलाकेंद्र मैदान की व्यवस्थाओं, पुतला निर्माण और जनसहयोग से धन संग्रह सहित अन्य तैयारियों की जानकारी दी।
बैठक का संचालन नरेंद्र सिंह टुटेजा ने किया तथा आभार प्रदर्शन राजकुमार बंसल ने किया। बैठक में दोनों समितियों के पदाधिकारी, वरिष्ठ समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक उपस्थित रहे। आयोजन की विस्तृत जानकारी समिति के प्रचार-प्रसार प्रमुख एवं मीडिया प्रभारी पीयूष त्रिपाठी ने दी।