सरगुजा
71वीं वार्षिक आमसभा में बैंक की वित्तीय स्थिति और उपलब्धियों की दी जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 अक्टूबर। जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित अंबिकापुर की 71वीं वार्षिक साधारण सभा 29 सितंबर को बैंक मुख्यालय के सभाकक्ष में अध्यक्ष रामकिशुन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। आमसभा में सरगुजा, बलरामपुर, सूरजपुर, कोरिया एवं एमसीबी जिले की सहकारी समितियों के सदस्य अंशधारियों ने भाग लिया। इस दौरान बैंक की वित्तीय स्थिति, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत की गई।
बैंक की ओर से बताया गया कि वर्ष 2025-26 में बैंक को 17.53 करोड़ रुपए का लाभ हुआ है। बैंक का संचयी लाभ बढक़र 85.94 करोड़ रुपए पहुंच गया है। वहीं बैंक की कुल अमानत राशि 2312.16 करोड़ रुपए रही। पिछले वर्ष की तुलना में अमानतों में 120.70 करोड़ रुपए की वृद्धि दर्ज की गई।
बैंक की अंशपूंजी वर्ष 2025-26 में बढक़र 87.38 करोड़ रुपए हो गई। इसमें पिछले वर्ष की तुलना में 2.97 करोड़ रुपए की वृद्धि हुई है। इसी तरह बैंक का कुल निवेश 2383.84 करोड़ रुपए रहा। बैंक द्वारा अपनी 153 सदस्य सहकारी समितियों के माध्यम से केसीसी के तहत वर्ष 2025-26 में किसानों को कुल 405.24 करोड़ रुपए का फसल ऋण वितरित किया गया।
आमसभा में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-24 में बैंक का लाभ 30.95 करोड़ रुपए था, जो वर्ष 2024-25 में 42.47 करोड़ रुपए रहा। वर्ष 2025-26 में लाभ 17.53 करोड़ रुपए दर्ज किया गया। संचयी लाभ क्रमश: 55.30 करोड़, 85.40 करोड़ और 85.94 करोड़ रुपए रहा। बैंक की अमानतें भी तीन वर्षों में 2121.85 करोड़ से बढक़र 2312.16 करोड़ रुपए हो गईं।
बैठक में बैंक के उपाध्यक्ष जगदीश साहू, उप आयुक्त सहकारिता एसके पैकरा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्रीकांत चन्द्राकर, प्रभारी मुख्य लेखापाल आनंद सिंह, स्थापना प्रभारी एवं प्रभारी मुख्य पर्यवेक्षक राजेश सिंह, नोडल अधिकारी जिला सरगुजा कमलनयन पाण्डेय सहित सहकारी समितियों के प्राधिकृत अधिकारी उपस्थित रहे। बैंक के 246 सहकारी सदस्यों को आमसभा की सूचना प्रेषित की गई थी। कार्यक्रम का संचालन विपणन प्रभारी बीकेपी सिंह ने किया।