सरगुजा

गांधी-शास्त्री जयंती पर विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
02-Oct-2026 8:22 PM
गांधी-शास्त्री जयंती पर विद्यार्थियों ने लिया स्वच्छता का संकल्प

 के.आर. टेक्निकल कॉलेज में ‘स्वच्छ परिसर-स्वच्छ समाज’ थीम पर कार्यक्रम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 अक्टूबर। संजय नगर स्थित के.आर. टेक्निकल कॉलेज में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गांधी-शास्त्री जयंती एवं स्वच्छता संकल्प दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम ‘स्वच्छ परिसर-स्वच्छ समाज’ रही। आयोजन के दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता, सेवा, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी विनितेश गुप्ता ने स्वागत उद्बोधन देते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य और स्वच्छता के महत्व पर प्रकाश डाला।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. रितेश वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि गांधीजी की स्वच्छता, सत्य एवं अहिंसा तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा और डिग्री हासिल करने के साथ जिम्मेदार, संवेदनशील एवं राष्ट्र के प्रति समर्पित नागरिक बनने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि तकनीक, इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी और मानवीय मूल्यों को भी साथ लेकर चलना चाहिए।

डायरेक्टर डॉ. रीनू जैन ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा की भावना विकसित करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने और महाविद्यालय परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और आदर्शों पर भाषण एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। गांधीजी के प्रिय भजन की भावपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सादगी, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का संदेश दिया गया।

शासी निकाय के उपाध्यक्ष राहुल जैन ने विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों को सामूहिक रूप से स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने घर, महाविद्यालय और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने, कचरा इधर-उधर नहीं फेंकने तथा दूसरों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।

इसके बाद ‘एक विद्यार्थी-एक सेवा संकल्प’ अभियान के तहत विद्यार्थियों ने संकल्प कार्ड भरे। कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया गया, जिसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और कर्मचारियों ने सहभागिता कर परिसर की साफ-सफाई की। कार्यक्रम का आयोजन के.आर. टेक्निकल कॉलेज एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में विद्यार्थी, शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट