सरगुजा

गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेस निकालेगी प्रभातफेरी
01-Oct-2026 9:15 PM
गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेस निकालेगी प्रभातफेरी

अंबिकापुर,1 अक्टूबर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं देश के पूर्व प्रधानमंत्री स्व. लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा द्वारा 2 अक्टूबर को विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत सुबह प्रभातफेरी और दोपहर में विचारगोष्ठी का आयोजन होगा।

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने बताया कि सेवादल के नेतृत्व में सुबह 8 बजे राजीव भवन से प्रभातफेरी निकाली जाएगी। प्रभातफेरी गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल तक पहुंचेगी, जहां राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा।

इसके बाद दोपहर 3 बजे राजीव भवन के सभागार में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके उपरांत विचारगोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और योगदान पर चर्चा की जाएगी।

कार्यक्रम में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ महिला कांग्रेस, सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, कामगार कांग्रेस, प्रोफेशनल कांग्रेस, किसान कांग्रेस, अल्पसंख्यक कांग्रेस, पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति एवं जनजाति प्रकोष्ठ सहित विभिन्न प्रकोष्ठों एवं विभागों के पदाधिकारी और सदस्य शामिल होंगे।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अंबिकापुर शहर अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल और अंबिकापुर ग्रामीण अध्यक्ष विनय शर्मा ने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। मौसम को देखते हुए कार्यक्रम में आने वाले लोगों से अपने साथ छतरी रखने की भी अपील की गई है।


अन्य पोस्ट