सरगुजा
सूरजपुर, 1 अक्टूबर। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम पर्री के स्कूलपारा में बुधवार रात एक युवक बाइक समेत कुएं में जा गिरा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से शव एवं बाइक को कुएं से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
मृतक की पहचान रमकोला निवासी प्रदीप कुमार सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि प्रदीप कुमार सिंह के खिलाफ न्यायालय से स्थायी वारंट जारी था। इसके चलते वह पुलिस से बचने के लिए अक्सर अपना ठिकाना बदलकर रह रहा था। बुधवार रात भी वह बाइक से कहीं जा रहा था। इसी दौरान स्कूलपारा के पास बाइक अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरी और युवक की मौत हो गई।
घटना को लेकर यह भी आशंका जताई जा रही है कि हादसे के समय युवक नशे की हालत में रहा होगा, जिसके कारण बाइक अनियंत्रित हुई। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए घटनास्थल और आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।