सरगुजा
अंबिकापुर, 1 अक्टूबर। बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) सरगुजा एवं जिला बाल संरक्षण इकाई (डीसीपीयू) द्वारा 30 सितंबर को सात वर्षीय बालिका का सामुदायिक आधारित पालन-पोषण व्यवस्था के तहत सफलतापूर्वक पुनर्वास किया गया। कलेक्टर सरगुजा अजीत वसंत एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी जेआर प्रधान के मार्गदर्शन तथा यूनिसेफ पदाधिकारी श्री पांडे के विशेष सहयोग से यह प्रक्रिया पूरी की गई।
बालिका को किशोर न्याय अधिनियम-2015 की धारा 52 के तहत चयनित पालक परिवार के सुपुर्द किया गया। इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया के तहत बालिका के लिए उपयुक्त पालक परिवार का चयन किया गया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे पालक माता-पिता के साथ रहने के लिए भेजा गया।
बाल कल्याण समिति एवं जिला बाल संरक्षण इकाई की टीम ने टीम प्रमुख विक्रमांक सिंह के नेतृत्व में ऑनलाइन पोर्टल पर पालन-पोषण आदेश एवं सहमति-पत्र की स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी कराई।
इसके बाद बालिका को चयनित पालक परिवार को सौंप दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, बालिका अब चयनित पालक माता-पिता के साथ रह रही है और सुरक्षित एवं खुशहाल वातावरण में जीवन व्यतीत कर रही है। इस पहल का उद्देश्य ऐसे बच्चों को पारिवारिक वातावरण उपलब्ध कराना है, जिससे उन्हें संरक्षण के साथ बेहतर विकास के अवसर मिल सकें।