सरगुजा

मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहें, जरूरतमंद की बात गंभीरता से सुनें -आईजी झा
01-Oct-2026 9:11 PM
मानसिक स्वास्थ्य को लेकर जागरूक रहें, जरूरतमंद की बात गंभीरता से सुनें -आईजी झा

पीजी कॉलेज में विजन संस्था की कार्यशाला

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,1 अक्टूबर। विजन समाजसेवी संस्था एवं पीजी कॉलेज अंबिकापुर के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें सरगुजा जिले के विभिन्न चयनित स्कूलों के छात्र-छात्राओं, बीएड विद्यार्थियों तथा पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कार्यशाला में मानसिक स्वास्थ्य, मोबाइल के दुरुपयोग, शारीरिक एवं मानसिक शोषण से बचाव और पारंपरिक मूल्यों के महत्व पर चर्चा की गई।

संस्था की संयोजक एवं समाजसेवी अधिवक्ता शिल्पा पांडे ने बताया कि जिला शिक्षा अधिकारी के निर्देश पर संस्था द्वारा जिले के स्कूलों, छात्रावासों और कोचिंग संस्थानों में लगातार जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। पिछले छह माह में करीब 18 हजार छात्र-छात्राएं इन कार्यक्रमों से जुड़ चुके हैं।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य आज बड़ी चुनौती है। जरूरत है कि मदद मांगने वाले व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और समय पर उचित सहायता दी जाए। उन्होंने कहा कि अकेलापन, लोगों से दूरी बनाना और अपनी बातें साझा नहीं करना मानसिक परेशानी के संकेत हो सकते हैं। आसपास के लोगों को ऐसे मामलों में संवेदनशीलता के साथ सहयोग करना चाहिए।

अध्यक्षता करते हुए संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. शारदा त्रिपाठी ने विद्यार्थियों से माता-पिता के संस्कारों को अपनाने और गुरुजनों से अपनी समस्याएं बिना संकोच साझा करने की अपील की। मेडिकल कॉलेज के मानसिक स्वास्थ्य एवं नशा मुक्ति नोडल प्रभारी डॉ. शैलेंद्र गुप्ता ने मोबाइल के दुरुपयोग, नशे और पारिवारिक दूरी को मानसिक स्वास्थ्य के लिए चुनौती बताया।

सहायक संचालक शिक्षा रविशंकर तिवारी ने संस्था के प्रयासों की सराहना की। कवि एवं समाजसेवी संतोष दास ने कविताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूक किया।

कार्यशाला में शिल्पा पांडे ने विशाखा समिति की भूमिका, शिकायत प्रक्रिया और यूजीसी के दिशा-निर्देशों की जानकारी दी। मनोरोग विभाग की विभागाध्यक्ष तृप्ति विश्वास ने कॉलेज में संचालित विशाखा समिति एवं उसके क्रियान्वयन की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन कामिनी सिंह ने किया।


अन्य पोस्ट