सरगुजा
मैनपाट दौरे पर कलेक्टर ने स्कूलों का लिया जायजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,1 अक्टूबर। कलेक्टर अजीत वसंत ने गुरुवार को मैनपाट विकासखंड का दौरा कर विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय सरभंजा तथा कुदारीडीह स्कूल का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों की उपस्थिति, मध्यान्ह भोजन, पेयजल, शौचालय, छात्रावास की स्वच्छता, वेंटिलेशन और खेल गतिविधियों सहित मूलभूत व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
सरभंजा प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नियमित अनुपस्थित रहने वाले बच्चों के अभिभावकों से संपर्क कर उन्हें स्कूल भेजने के लिए प्रेरित करने कहा। उन्होंने मध्यान्ह भोजन निर्धारित मेनू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण उपलब्ध कराने तथा गैस कनेक्शन और सिलेंडर की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।
सरभंजा हाई स्कूल में पेयजल व्यवस्था की जानकारी लेते हुए वाटर कूलर का कनेक्शन शीघ्र चालू कराने और बोरवेल दुरुस्त करने कहा। बालिकाओं के लिए शौचालय निर्माण की कार्रवाई भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
कुदारीडीह में शौचालय निर्माण 45 दिनों में पूरा कराने तथा विद्यार्थियों के लिए कैरम सहित अन्य खेल सामग्री उपलब्ध कराने कहा।
एकलव्य विद्यालय के छात्रावास एवं शयन कक्षों का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने नियमित साफ-सफाई और पर्याप्त वेंटिलेशन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कपड़ों एवं चादरों की नियमित धुलाई के लिए रोस्टर बनाने तथा खराब वाटर प्यूरीफायर को एक माह में दुरुस्त कराने कहा।
उन्होंने विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए प्रतिदिन 30 मिनट योग, नियमित खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियां कराने पर जोर दिया। नशे से बचाव के लिए काउंसलिंग और विद्यालय के आसपास निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए। कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, पाठ्यक्रमों और कॅरियर विकल्पों की जानकारी उपलब्ध कराने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, एसडीएम रामराज, तहसीलदार उमेश बाज सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।