सरगुजा
एसटी जमीन फर्जीवाड़ा का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 30 सितंबर। अनुसूचित जनजाति वर्ग की भूमि के कथित फर्जी दस्तावेज और अवैध अंतरण से जुड़े मामले में आरोपी आजाद इराकी को मिली जमानत के खिलाफ कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी सरगुजा ने प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश को प्रतिवेदन भेजा है। 30 सितंबर को भेजे गए ज्ञापन में मामले में जमानत आदेश के खिलाफ नियमानुसार अपील/पुनरीक्षण की कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।
मामला थाना मणीपुर से जुड़ा है। इसमें बीएनएस की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत अपराध दर्ज है। आरोपी आजाद इराकी, निवासी जयनगर, जिला सूरजपुर को 25 सितंबर को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अम्बिकापुर के न्यायालय से जमानत मिली थी। प्रशासन द्वारा भेजे गए प्रतिवेदन में कहा गया है कि जमानत आवेदन की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष को प्रभावी रूप से सुना नहीं गया।
कलेक्टर के ज्ञापन में जिला अभियोजन निदेशालय के प्रतिवेदन का हवाला देते हुए कहा गया है कि न्यायालयीन कार्यवाही में अभियोजन की ओर से एडीपीओ की उपस्थिति दर्ज की गई, जबकि अभियोजन कार्यालय के अनुसार उस दिन कोई अभियोजन अधिकारी जमानत आवेदन के निराकरण के लिए न्यायालय में उपस्थित नहीं था और न ही जमानत आवेदन की प्रति प्राप्त हुई थी।
प्रशासन के अनुसार मामला अम्बिकापुर के खसरा नंबर 3714, रकबा 0.231 हेक्टेयर की भूमि से जुड़ा है, जिसे जांच में अनुसूचित जनजाति वर्ग के खातेदार से संबंधित बताया गया है। प्रशासनिक जांच में इस भूमि के दस्तावेजों, मृत्यु प्रमाण पत्र और वारिसान संबंधी रिकॉर्ड को लेकर गड़बड़ी के आरोप सामने आए थे। इसी आधार पर मणीपुर थाने में अपराध दर्ज किया गया था। आरोपी आजाद इराकी को पुलिस ने 25 सितंबर को रायपुर से गिरफ्तार किया था।
कलेक्टर के प्रतिवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि मामले में प्रथम दृष्टया अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम, 1989 की धारा 3(एफ) के प्रावधान लागू होने की बात सामने आती है। प्रशासन का कहना है कि अभियोजन को अपना पक्ष रखने का अवसर नहीं मिलने के कारण यह तथ्य जमानत सुनवाई के दौरान न्यायालय के समक्ष नहीं रखा जा सका।
ज्ञापन में मामले की गंभीरता और विवेचना के प्रारंभिक स्तर को देखते हुए जमानत आदेश के विरुद्ध न्यायहित में नियमानुसार अपील अथवा पुनरीक्षण की कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया गया है।