सरगुजा

बुढ़ापे का सहारा छिना तो धरने पर शिक्षक-कर्मी
30-Sep-2026 8:30 PM
बुढ़ापे का सहारा छिना तो धरने पर शिक्षक-कर्मी

पेंशन बहाली के लिए बुलंद की आवाज

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 30 सितंबर। जीवन के 30 से 40 वर्ष विद्यार्थियों का भविष्य संवारने में लगाने वाले अनुदानित अशासकीय महाविद्यालयों के सेवानिवृत्त प्राध्यापक और कर्मचारी अब अपनी पेंशन के लिए आंदोलन की राह पर उतर आए हैं। पेंशन बंद किए जाने के विरोध में बुधवार को पेंशनभोगियों ने अंबिकापुर के होली क्रॉस कॉलेज में एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। धरने के बाद कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल एवं प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित कर पेंशन बहाल करने सहित अन्य मांगें रखी गईं।

छत्तीसगढ़ अनुदान प्राप्त शिक्षक संघ से जुड़े पेंशनभोगियों का कहना है कि प्रदेश के अनुदानित अशासकीय महाविद्यालयों के 400 से अधिक सेवानिवृत्त प्राध्यापक एवं कर्मचारी इस निर्णय से प्रभावित हैं। जुलाई और अगस्त की पेंशन भी नहीं मिलने से कई बुजुर्ग पेंशनभोगियों के सामने दवा, इलाज और परिवार के दैनिक खर्च की व्यवस्था करने तक की समस्या खड़ी हो गई है।

संघ के अनुसार राज्य सरकार द्वारा एक सितंबर 2026 को जारी आदेश के बाद सेवानिवृत्त प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों की पेंशन प्रभावित हुई है। वहीं 11 सितंबर के आदेश से वर्तमान में कार्यरत प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों की पेंशन और ग्रेच्युटी की पात्रता भी समाप्त किए जाने का दावा संघ ने किया है।

आंदोलनकारियों का कहना है कि अनुदानित महाविद्यालयों के कर्मचारियों को करीब 37 वर्षों से पेंशन और ग्रेच्युटी का लाभ मिलता रहा है। वर्ष 2010 में भी तत्कालीन सरकार द्वारा इसके भुगतान को लेकर आदेश जारी किया गया था।

ऐसे में वर्षों पुरानी व्यवस्था को अचानक समाप्त करना कर्मचारियों के हितों पर सीधा असर डाल रहा है। संघ का दावा है कि 80 से अधिक प्राध्यापकों ने वेतनमान के अनुरूप पेंशन को लेकर उच्च न्यायालय में याचिकाएं दायर की थीं। न्यायालय से राहत मिलने के बाद भी भुगतान नहीं होने पर 50 से अधिक प्राध्यापकों द्वारा अवमानना प्रकरण दायर किए गए हैं।

धरना-प्रदर्शन के बाद पेंशनभोगियों ने कलेक्टर के माध्यम से राज्यपाल एवं प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर संबंधित आदेशों को वापस लेने, पेंशन तत्काल बहाल करने, जुलाई-अगस्त की बकाया पेंशन का भुगतान करने तथा न्यायालय के आदेश के अनुरूप पेंशन एवं ग्रेच्युटी का लाभ दिए जाने की मांग की।

प्रदर्शन में डॉ. कल्पना गुहा, सविता राय, डॉ. उषा शुक्ला, डॉ. तृप्ति पांडे, डॉ. ममता अवस्थी, ममता लकड़ा सहित शिक्षकेतर कर्मचारी शहजादी, मरियम लियोनी खेस, विजय लकड़ा एवं अन्य पेंशनभोगी शामिल रहे।


अन्य पोस्ट