सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बतौली, 29 सितंबर। मोटरसाइकिल की हल्की टक्कर को लेकर हुए विवाद में कांच की बोतल से युवक के सिर पर हमला कर गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में बतौली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टूटी हुई कांच की बोतल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार महेशपुर निवासी अमित कुमार प्रजापति ने 21 अगस्त को थाना बतौली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 20 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह अपने दोस्त के साथ मोटरसाइकिल से बतौली बगीचा चौक जा रहा था। इसी दौरान मोटरसाइकिल की हल्की टक्कर होने की बात को लेकर रितिक शर्मा उर्फ लल्ला से विवाद हो गया। आरोप है कि रितिक ने गाली-गलौज करते हुए पास पड़ी कांच की खाली बोतल से अमित के सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने पर उसे अस्पताल ले जाया गया।
रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 107/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 296, 351(3), 115(2) और 109(1) में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर पुलिस ने गवाहों के बयान, मुलाहिजा रिपोर्ट और जब्ती के आधार पर आरोपी रितिक शर्मा उर्फ लल्ला (26) निवासी शिव मंदिर पारा, बतौली को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया।