सरगुजा

मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, पुतला फूंका
28-Sep-2026 9:14 PM
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का हल्लाबोल, पुतला फूंका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 28 सितंबर। जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ घड़ी चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपने कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच बैरिकेडिंग को लेकर खींचतान की स्थिति बनी। प्रदर्शनकारी दो बैरिकेड पार करते हुए कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार तक पहुंच गए, जहां काफी देर तक नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन को देखते हुए घड़ी चौक से लेकर कलेक्ट्रेट परिसर तक बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढऩे से रोकने के लिए पुलिस ने तीन स्तर पर बैरिकेड लगाए थे। प्रदर्शनकारियों ने इनमें से दो बैरिकेड पार कर लिए और कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रवेश द्वार तक पहुंच गए।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को संबोधित ज्ञापन में चुनाव आयोग की निष्पक्षता और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया को लेकर कई आरोप लगाए गए हैं। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के कुछ फैसलों को एकतरफा बताते हुए उनकी समीक्षा की मांग की है। ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग की निर्णय प्रक्रिया में अन्य चुनाव आयुक्तों की असहमति को पर्याप्त महत्व नहीं दिया जा रहा है। कांग्रेस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के फैसलों की समीक्षा के लिए संसदीय समिति गठित करने की मांग भी रखी है। ये कांग्रेस की ओर से लगाए गए आरोप हैं।

मतदाता सूची और एसआईआर पर भी उठाए सवाल

कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण यानी एसआईआर की प्रक्रिया और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने को लेकर भी सवाल उठाए। ज्ञापन में दावा किया गया कि इस प्रक्रिया से बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम प्रभावित हुए हैं।

हालांकि निर्वाचन आयोग की आधिकारिक मतदाता सेवा व्यवस्था में एसआईआर-2026 के साथ मतदाता सूची में नाम खोजने, नया पंजीकरण कराने और नाम हटाने या सुधार के लिए अलग-अलग प्रक्रियाएं उपलब्ध हैं। आयोग स्वयं को चुनावों के संचालन के लिए जिम्मेदार स्वायत्त संवैधानिक प्राधिकरण बताता है।  कांग्रेस ने अपने ज्ञापन में मुख्य चुनाव आयुक्त से जुड़े निर्णयों की समीक्षा, कथित असंवैधानिक फैसलों को निरस्त करने तथा चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली में निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग की है।


अन्य पोस्ट