सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत पोषण माह सेलिब्रेशन का आयोजन शासकीय आरएसडीकेएस मेडिकल कॉलेज एफिलिएटेड हॉस्पिटल, अंबिकापुर में किया गया। कार्यक्रम में शासकीय राजमोहिनी देवी स्नातकोत्तर महाविद्यालय अंबिकापुर के गृहविज्ञान विभाग की आहार एवं पोषण विषय की छात्राओं ने सहभागिता की। छात्राओं ने ‘मां का पोषण, बच्चे का भविष्य’ विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर लोगों को पोषण के प्रति जागरूक किया। इसके साथ ही छात्राओं ने पोस्टर प्रतियोगिता और फूड डेमोस्ट्रेशन प्रतियोगिता में भी भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान आहार एवं पोषण विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अलका जैन तथा डायटीशियन सुमन सिंह ने ‘आयरन रिच डाइट फॉर वीमेन’ एवं ‘इम्युनिटी बूस्टर डाइट फॉर ऑल’ विषय पर व्याख्यान दिया। डॉ. अलका जैन ने कहा कि रोग प्रतिरोधक क्षमता एक रात में नहीं बढ़ाई जा सकती। इसके लिए नियमित रूप से पौष्टिक एवं संतुलित आहार लेने के साथ स्वच्छता और सुरक्षित भोजन का ध्यान रखना जरूरी है।
उन्होंने बताया कि दैनिक आहार में पर्याप्त प्रोटीन, रेशेदार खाद्य पदार्थ, असंतृप्त वसा, विटामिन ए, डी, ई, सी और बी-कॉम्प्लेक्स, एंटीऑक्सीडेंट, जिंक, सेलेनियम, प्रीबायोटिक और प्रोबायोटिक जैसे पोषक तत्व शामिल होने चाहिए। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना भी जरूरी है। उन्होंने ताजे फल-सब्जियों, नट्स, दूध एवं दुग्ध उत्पाद, अंकुरित और किण्वित खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने की सलाह दी। साथ ही तनाव से दूर रहने, नियमित व्यायाम, योग और ध्यान को भी स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. अविनाश मेश्राम तथा विशिष्ट अतिथि डॉ. आर्या और डॉ. रेलवानी ने छात्राओं की प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने छात्राओं द्वारा दिए गए पोषण संबंधी संदेशों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की, ताकि लोगों को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक कर अस्पतालों में मरीजों की संख्या को कम करने में मदद मिल सके। कार्यक्रम में विभिन्न नर्सिंग कॉलेजों के छात्र-छात्राओं ने भी सक्रिय सहभागिता की। मुख्य अतिथि ने कहा कि जनजागरूकता बढ़ाने के लिए इस तरह के कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाने चाहिए।