सरगुजा
विकेटकीपर-बल्लेबाज को छत्तीसगढ़ की सीनियर टीम में मिली जगह
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,28 सितंबर। छत्तीसगढ़ क्रिकेट में सरगुजा संभाग के लिए एक और उपलब्धि जुड़ गई है। सरगुजा के विकेटकीपर-बल्लेबाज राहुल प्रधान का छत्तीसगढ़ की रणजी टीम में चयन हुआ है। उनके चयन की खबर सामने आने के बाद जिले के क्रिकेट खिलाडिय़ों, कोच और खेलप्रेमियों में खुशी का माहौल है।
राहुल प्रधान लंबे समय से सरगुजा क्रिकेट संघ से जुड़े हैं और स्थानीय स्तर पर लगातार क्रिकेट खेलते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते रहे हैं। उनके प्रदर्शन और मेहनत के आधार पर उन्हें छत्तीसगढ़ की सीनियर टीम में जगह मिली है। छत्तीसगढ़ की टीम बीसीसीआई की रणजी ट्रॉफी में राज्य का प्रतिनिधित्व करती है।
राहुल से पहले सरगुजा के बल्लेबाज आशुतोष सिंह छत्तीसगढ़ की रणजी टीम का हिस्सा बन चुके हैं। आशुतोष सिंह ने 6 अक्टूबर 2016 को रणजी ट्रॉफी के 2016-17 सत्र में छत्तीसगढ़ के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में पदार्पण किया था और अपने पदार्पण मैच में शतक बनाया था। 2017-18 सत्र में भी वे टीम के प्रमुख रन स्कोररों में शामिल रहे।
सरगुजा से दो खिलाडिय़ों के रणजी स्तर तक पहुंचने को स्थानीय क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है। जिला क्रिकेट संघ से जुड़े पदाधिकारियों और स्थानीय खिलाडिय़ों ने राहुल प्रधान के चयन पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उनका कहना है कि क्षेत्र के खिलाडिय़ों को बेहतर प्रशिक्षण और अवसर मिलने से यहां की प्रतिभाओं को आगे बढऩे का मंच मिलेगा।
राहुल प्रधान के चयन के बाद स्थानीय स्तर पर उन्हें बधाई देने का सिलसिला जारी है। क्रिकेट खिलाडिय़ों और खेलप्रेमियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।