सरगुजा
विश्व रेबीज दिवस पर पशुओं के नियमित टीकाकरण और काटने के बाद तत्काल चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील
अंबिकापुर, 27 सितंबर। विश्व रेबीज दिवस के अवसर पर पशुधन विकास विभाग ने नागरिकों से रेबीज जैसी गंभीर एवं जानलेवा बीमारी के प्रति सतर्क रहने की अपील की है। विभाग ने पालतू पशुओं का नियमित एंटी-रेबीज टीकाकरण कराने तथा कुत्ते या किसी संदिग्ध पशु के काटने अथवा खरोंचने पर बिना देरी किए चिकित्सकीय उपचार लेने की सलाह दी है।
हर वर्ष 28 सितंबर को विश्व रेबीज दिवस मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य रेबीज के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बीमारी से होने वाली मौतों की रोकथाम के लिए जनभागीदारी को बढ़ावा देना है। 28 सितंबर महान वैज्ञानिक लुई पाश्चर की पुण्यतिथि भी है, जिन्होंने पहला रेबीज टीका विकसित किया था।
संक्रमित पशु की लार से फैलता है संक्रमण
रेबीज एक वायरल और जूनोटिक बीमारी है, जो संक्रमित पशु की लार के संपर्क से मनुष्यों और अन्य पशुओं में फैल सकती है। संक्रमित कुत्ते के काटने या खरोंचने से संक्रमण का सबसे अधिक खतरा रहता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार मानव रेबीज के करीब 99 प्रतिशत मामले संक्रमित कुत्तों से जुड़े होते हैं। सियार, लोमड़ी, बिल्ली सहित अन्य संक्रमित स्तनधारी पशुओं के काटने या खरोंचने से भी संक्रमण हो सकता है।
रेबीज के लक्षण शुरू होने के बाद यह बीमारी लगभग 100 प्रतिशत घातक मानी जाती है। हालांकि, समय पर घाव की सही सफाई और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पोस्ट-एक्सपोजर प्रोफिलैक्सिस (पीईपी) उपचार लेने से बीमारी से होने वाली मौत को रोका जा सकता है।
कुत्ते में दिखें ये लक्षण तो रहें सतर्क
संक्रमित कुत्ते में व्यवहार में अचानक बदलाव, असामान्य आक्रामकता या बेचैनी, भोजन-पानी से दूरी, निगलने में परेशानी, अत्यधिक लार आना, चलने-फिरने में असामान्यता और मालिक का आदेश नहीं मानना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे किसी भी संदिग्ध पशु से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
काटने पर 15 मिनट तक धोएं घाव
कुत्ते या किसी संदिग्ध पशु के काटने अथवा खरोंचने पर घाव को तुरंत साबुन और बहते पानी से कम से कम 15 मिनट तक अच्छी तरह धोना चाहिए।
चिकित्सकीय सलाह के अनुसार पॉविडोन-आयोडीन जैसे एंटीसेप्टिक का उपयोग किया जा सकता है। घाव पर मिर्च, चूना, तेल, मिट्टी, पौधों का रस या अन्य घरेलू पदार्थ नहीं लगाना चाहिए। इसके बाद तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। डॉक्टर की सलाह के अनुसार रेबीज वैक्सीन और आवश्यकता होने पर रेबीज इम्युनोग्लोब्युलिन (आरआईजी) दिया जाता है।
झाड़-फूंक के बजाय लें चिकित्सकीय उपचार
विभाग ने पशु के काटने या खरोंचने के बाद झाड़-फूंक, घरेलू उपचार और अंधविश्वास के भरोसे समय नहीं गंवाने की अपील की है। पालतू कुत्तों सहित जोखिम वाले पशुओं का नियमित एंटी-रेबीज टीकाकरण और पशु चिकित्सक की सलाह के अनुसार बूस्टर डोज कराना भी जरूरी बताया गया है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार दुनियाभर में प्रतिवर्ष करीब 59 हजार लोगों की रेबीज से मृत्यु होने का अनुमान है। इनमें लगभग 40 प्रतिशत प्रभावित 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चे होते हैं। भारत में ढ्ढष्टरूक्र-हृढ्ढश्व के 2024 के अनुमान के अनुसार प्रतिवर्ष करीब 91 लाख पशु-काटने की घटनाएं होती हैं और मानव रेबीज से लगभग 5,726 वार्षिक मौतों का अनुमान है।
अतिरिक्त उप संचालक पशुधन विकास विभाग, अंबिकापुर डॉ. सीके मिश्रा ने कहा कि रेबीज की रोकथाम के लिए मानव स्वास्थ्य, पशु स्वास्थ्य और समुदाय के बीच समन्वय जरूरी है। पशुओं का टीकाकरण, जिम्मेदार पशुपालन और पशु के काटने के बाद तत्काल उपचार से रेबीज से होने वाली मौतों को रोका जा सकता है। विश्व रेबीज दिवस 2026 की थीम ‘Stronger Together’ है, जो रेबीज उन्मूलन के लिए सामूहिक प्रयास की आवश्यकता पर जोर देती है।