सरगुजा

बारिश के बीच जयकारों के साथ दी गणपति बप्पा को विदाई
26-Sep-2026 8:56 PM
बारिश के बीच जयकारों के साथ  दी गणपति बप्पा को विदाई

सार्वजनिक विसर्जन समारोह में झांकियों का स्वागत, पूजा-आरती और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर ,26 सितंबर। गणेशोत्सव के समापन पर शुक्रवार को शहर में गणपति बप्पा की विदाई का उल्लास देर रात तक बना रहा। बारिश और खराब मौसम के बावजूद विभिन्न गणेशोत्सव समितियों ने ढोल-नगाड़ों और आकर्षक झांकियों के साथ शोभायात्रा निकाली। बाल गंगाधर तिलक गणपति स्थापना समिति (ट्रस्ट) की ओर से कलेक्टोरेट चौक पर आयोजित सार्वजनिक गणपति विसर्जन समारोह प्रमुख आकर्षण रहा।

शहर के अलग-अलग हिस्सों से गणेश समितियों की शोभायात्राएं कलेक्टोरेट चौक पहुंचीं, जहां प्रतिमाओं और झांकियों का स्वागत किया गया। पूजा-अर्चना व आरती के बाद श्रद्धालुओं ने ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारों के बीच भगवान गणेश को विदाई दी।

झांकियों को देखने के लिए चौक और आसपास बड़ी संख्या में शहरवासी जुटे रहे।

समिति की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम और जगराता भी आयोजित किया गया, जो देर रात तक चला। धार्मिक व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को बांधे रखा। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र सिंह टूटेजा ने किया। समारोह में मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद चिंतामणि महाराज, महापौर मंजूषा भगत सहित भाजपा-कांग्रेस के पदाधिकारी, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और शहरवासी शामिल हुए।

बारिश से कई समितियां नहीं पहुंचीं

लगातार बारिश के कारण कई समितियों ने कलेक्टोरेट चौक के कार्यक्रम में शामिल होने के बजाय दिन में ही प्रतिमाओं का विसर्जन कर दिया। शहर व आसपास की प्रतिमाओं का बांकी नदी सहित निर्धारित नदी-तालाबों और विसर्जन स्थलों पर विसर्जन किया गया। सार्वजनिक समारोह में पहुंची समितियों का विभिन्न मापदंडों पर मूल्यांकन किया गया, जिन्हें बाद में पुरस्कृत किया जाएगा।

शोभायात्राओं और विसर्जन को देखते हुए पुलिस-प्रशासन ने प्रमुख मार्गों व विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की थी। देर रात तक शहर में चहल-पहल बनी रही। कुछ क्षेत्रों में देर रात तक डीजे और जुलूस चलते रहे। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और शहर गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजता रहा।


अन्य पोस्ट