सरगुजा
फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र और वंशावली से नामांतरण का मामला
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 सितंबर। प्रतीक्षा बस स्टैंड के पास तालाब क्षेत्र की अनुसूचित जनजाति की जमीन में कथित फर्जीवाड़े के मामले में गिरफ्तार प्रमुख आरोपी आजाद इराकी को जिला न्यायालय से जमानत मिल गई है। मणिपुर थाना और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने उसे रायपुर पुलिस की मदद से रायपुर से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।
मामला खसरा क्रमांक 3714 की करीब 0.250 हेक्टेयर भूमि से जुड़ा है। प्रशासनिक जांच के अनुसार यह जमीन नगर निगम के मास्टर प्लान-2021 और तालाबों की शासकीय सूची में दर्ज करीब 6.25 एकड़ तालाब क्षेत्र का हिस्सा है। स्थानीय लोगों द्वारा लंबे समय से इस क्षेत्र का उपयोग निस्तारी, स्नान और छठ पूजा सहित अन्य धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों के लिए किया जाता रहा है।
कलेक्टर कार्यालय की जांच के आधार पर मणिपुर थाने में आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) एवं 61(2) के तहत मामला दर्ज है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
प्रशासनिक जांच में सामने आया कि प्रश्नाधीन भूमि वर्ष 1954-55 के पूर्व के राजस्व अभिलेखों में जैलाल पिता बोधन, जाति गोंड़ के नाम दर्ज थी। आरोप है कि जमीन के अंतरण के लिए फर्जी एवं दोषपूर्ण दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया और वारिसों से संबंधित अभिलेखों में भी अनियमितता की गई।
जांच के दौरान नगर पालिक निगम अंबिकापुर से जैलाल पिता बोधन के मृत्यु प्रमाण पत्र की जानकारी ली गई। निगम ने 4 मई 2026 को बताया कि 23 अप्रैल 1976 की मृत्यु दर्शाने वाला प्रस्तुत प्रमाण पत्र निगम के अभिलेख में दर्ज नहीं था और न ही निगम द्वारा जारी किया गया था। जांच में जैलाल पिता देवराम के वारिसों की जानकारी का कथित रूप से जैलाल पिता बोधन के वारिसों के नामांतरण में इस्तेमाल किए जाने की बात भी सामने आई।
जांच प्रतिवेदन में चंद्रशेखर यादव और आजाद इराकी सहित अन्य लोगों की भूमिका का उल्लेख किया गया है। इसके बाद कलेक्टर ने संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराने के साथ उक्त भूमि को विधिवत शासन में निहित करने की प्रक्रिया के निर्देश दिए थे।
पुलिस के अनुसार तकनीकी जानकारी के आधार पर आजाद इराकी को रायपुर से गिरफ्तार किया गया। उस पर दस्तावेजों के कथित रूप से फर्जी होने की जानकारी के बावजूद विवादित जमीन का 40 लाख रुपये में सौदा करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद उसे जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जमानत मिल गई।