सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 सितंबर। सरगुजा पुलिस द्वारा साइबर अपराधों की शिकायतों पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी थानों में पदस्थ सीसीटीएनएस कंप्यूटर ऑपरेटरों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित कार्यशाला अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी रितेश चौधरी के नेतृत्व में हुई।
डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण का उद्देश्य गृह मंत्रालय (एमएचए) और भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) द्वारा संचालित डिजिटल पोर्टल और तकनीकी प्रणालियों के उपयोग में पुलिसकर्मियों की दक्षता बढ़ाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान साइबर अपराधों की शिकायतों पर कार्रवाई, संदिग्ध खातों को होल्ड या फ्रीज कराने तथा पीडि़तों की राशि वापस कराने की प्रक्रिया समझाई गई।
कार्यशाला में डीएसपी राकेश बघेल, सीसीटीएनएस शाखा प्रभारी उप निरीक्षक रश्मि सिंह, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी और जिले के विभिन्न थानों व चौकियों के सीसीटीएनएस कंप्यूटर ऑपरेटर उपस्थित रहे।
कार्यशाला में जीआरएम (शिकायत निवारण मॉड्यूल) के माध्यम से साइबर ठगी की शिकायतों पर बैंकों और वित्तीय संस्थानों से समन्वय कर संदिग्ध खातों पर तत्काल कार्रवाई की प्रक्रिया बताई गई। वहीं एमआरएम (धन वापसी मॉड्यूल) के जरिए 1930 हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों के बाद होल्ड की गई राशि को कानूनी प्रक्रिया के तहत पीडि़त के खाते में वापस कराने की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया।
इसके अलावा साइबर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को जांच के बाद सीसीटीएनएस में डिजिटल रूप से एफआईआर में परिवर्तित करने की प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। समन्वय पोर्टल के जरिए विभिन्न राज्यों की पुलिस और एजेंसियों के बीच संदिग्ध मोबाइल नंबर, फर्जी सिम डीलर, एटीएम लोकेशन और म्यूल खातों से संबंधित जानकारी साझा करने की प्रक्रिया समझाई गई।
साइट्रेन पोर्टल के माध्यम से साइबर अपराध जांच, डिजिटल फॉरेंसिक और साइबर सुरक्षा से जुड़े ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए ऑपरेटरों को अपनी तकनीकी क्षमता बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी ने सभी सीसीटीएनएस ऑपरेटरों को इन तकनीकी पोर्टलों का दैनिक पुलिसिंग में शत-प्रतिशत और सही उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि तकनीकी प्रणालियों के प्रभावी इस्तेमाल से साइबर ठगी के मामलों में पीडि़तों को त्वरित सहायता देने के साथ अपराधियों तक पहुंचने में भी मदद मिलेगी।