सरगुजा
-क्रांति कुमार रावत
उदयपुर,25 सितंबर (‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता)। सरगुजा जिला के वन परिक्षेत्र उदयपुर में हाथियों की लगातार मौजूदगी ने वन अमले की चुनौती बढ़ा दी है। पिछले करीब दो माह से क्षेत्र में हाथियों की आवाजाही बनी हुई है। वर्तमान में 27 हाथियों के दो अलग-अलग दल वन परिक्षेत्र के अलग-अलग इलाकों में विचरण कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने उदयपुर वन परिक्षेत्र के छह सर्किलों को दो भागों में बांटकर 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था शुरू की है।
वन विभाग के अनुसार एक निगरानी दल में सायर, कुदर बसवार और केदमा सर्किल को शामिल किया गया है, जबकि दूसरे दल में उदयपुर, डांडगांव और बासेन सर्किल रखे गए हैं। दोनों क्षेत्रों में वनकर्मियों की टीम लगातार हाथियों की गतिविधियों पर नजर रख रही है। साथ ही ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से सतर्क किया जा रहा है, ताकि मानव-हाथी द्वंद्व की स्थिति से बचा जा सके।
15 हाथियों का दल गांवों के आसपास कर रहा विचरण
वर्तमान में 15 हाथियों का दल पिछले करीब एक सप्ताह से उदयपुर और रामनगर-लक्ष्मणगढ़ पंचायत क्षेत्र के गांवों के आसपास विचरण कर रहा है। वहीं 12 हाथियों का दूसरा दल पिछले चार दिनों से सायर और बसवार के जंगलों में मौजूद है। दोनों दलों की गतिविधियों पर वन विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।
12 हाथियों के दल के उदयपुर वन परिक्षेत्र में पहुंचने के बाद वन अमले को अपनी निगरानी व्यवस्था में बदलाव करना पड़ा। इससे पहले 15 हाथियों की निगरानी के लिए पूरे वन परिक्षेत्र में तीन अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। अब छह सर्किलों को दो हिस्सों में बांटकर निगरानी, मुनादी और ग्रामीणों को सुरक्षित रखने के उपाय किए जा रहे हैं।
कई हेक्टेयर फसलों को पहुंचा चुके हैं नुकसान
हाथियों की लगातार मौजूदगी के कारण क्षेत्र के दर्जनों किसानों की कई हेक्टेयर फसलें प्रभावित हुई हैं। जजगी-केदमा मार्ग हाथियों की आवाजाही से सबसे अधिक प्रभावित बताया जा रहा है। हाथियों के सडक़ पर आ जाने के कारण कई बार वन अमले को एक से दो घंटे तक मार्ग पर आवागमन रोकना पड़ता है।
इसी तरह 12 हाथियों का दल अक्सर सत्तीमुड़ा मार्ग पर भी पहुंच जाता है। हाथियों को देखने और उनके फोटो-वीडियो बनाने के लिए लोगों की भीड़ जुट जाती है। ऐसे में वनकर्मियों को लोगों को सडक़ से सुरक्षित दूरी पर हटाने में अतिरिक्त मशक्कत करनी पड़ती है।
विभाग लगातार लोगों से हाथियों के नजदीक नहीं जाने और फोटो-वीडियो बनाने से बचने की अपील कर रहा है।
वन विभाग की टीम लगातार कर रही निगरानी
फिलहाल एसडीओ सपना मुखर्जी और रेंजर फेकू प्रसाद चौबे के नेतृत्व में वन विभाग की टीमें हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं। क्षेत्र में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है। वहीं डीएफओ सरगुजा भी समय-समय पर क्षेत्र का भ्रमण कर हाथियों की स्थिति और वन अमले की तैयारियों का जायजा ले रहे हैं। वन विभाग का प्रयास है कि हाथियों की आवाजाही के दौरान मानव और वन्यजीव दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।