सरगुजा
भाजपा नेता व पार्षद आलोक दुबे ने की थी शिकायत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 सितंबर। अंबिकापुर नगर के प्रतीक्षा बस स्टैंड क्षेत्र स्थित खसरा नंबर 3714 की भूमि के कथित अवैध नामांतरण के मामले में कलेक्टर सरगुजा ने संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। यह कार्रवाई वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पार्षद आलोक दुबे की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कराई गई जांच के बाद की गई है।
जांच में भूमि नामांतरण की प्रक्रिया में फर्जी एवं दोषपूर्ण दस्तावेजों के इस्तेमाल तथा वारिसों से संबंधित अभिलेखों में अनियमितता सामने आने का उल्लेख है। प्रशासन ने भूमि को नियमानुसार शासन में निहित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।
आलोक दुबे ने 2 सितंबर को कलेक्टर अजीत वसंत से दस्तावेजों के साथ शिकायत की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि प्रतीक्षा बस स्टैंड क्षेत्र की उक्त भूमि, जिसका उपयोग तालाब एवं निस्तारी के लिए होता था, उसे पाटकर प्लाटिंग की जा रही है। शिकायतकर्ता ने भूमि के मूल राजस्व अभिलेखों और बाद में हुए नामांतरण को लेकर भी सवाल उठाए थे।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अंबिकापुर की जांच में पाया गया कि प्रश्नाधीन भूमि अधिकार अभिलेख वर्ष 1954-55 के पूर्व से जैलाल पिता बोधन, जाति गोंड़ के नाम दर्ज थी। जांच के दौरान नगर निगम से प्राप्त जानकारी में यह भी सामने आया कि जैलाल पिता बोधन की 23 अप्रैल 1976 को मृत्यु से संबंधित प्रस्तुत मृत्यु प्रमाण पत्र नगर निगम के अभिलेख में दर्ज नहीं था और न ही निगम द्वारा जारी किया गया था।
जांच प्रतिवेदन के अनुसार अमलभि_ी के पटवारी द्वारा जैलाल पिता देवराम के वारिसों की जानकारी तैयार की गई थी, लेकिन इसी जानकारी का उपयोग जैलाल पिता बोधन के वारिसों के संबंध में करते हुए राजस्व अभिलेखों में फौती नामांतरण की कार्रवाई की गई। इसके बाद भूमि के अंतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
जांच प्रतिवेदन में चंद्रशेखर यादव पिता स्व. जगतपाल यादव तथा आजाद इराकी पिता रियाजुद्दीन इराकी की भूमि अंतरण में भूमिका का उल्लेख किया गया है। वहीं नोहरसाय, रामकुमार, श्रीलाल, पूर्णिमा, जनकुंवर, चंद्रभान यादव एवं मीरा यादव की भूमिका भी प्रथम दृष्टया प्रतीत होना बताया गया है। ग्राम पंचायत अमलभि_ी के तत्कालीन सरपंच एवं सचिव की भूमिका को भी जांच में संदेहास्पद बताया गया है।
शिकायतकर्ता आलोक दुबे ने आरोप लगाया था कि मूल अभिलेख में भूमि जैलाल गोंड़ के नाम दर्ज होने के बावजूद बाद के अभिलेखों में नाम परिवर्तन कैसे हुआ। उन्होंने कथित फर्जी वंशावली के आधार पर भूमि का नामांतरण और इसके बाद रजिस्ट्री कराए जाने की जांच की मांग की थी। हालांकि, इन आरोपों पर अंतिम स्थिति अब एफआईआर और आगे की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
कलेक्टर ने जांच प्रतिवेदन के आधार पर तहसीलदार अंबिकापुर को संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराकर पालन प्रतिवेदन तत्काल प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही राजस्व अभिलेखों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर भूमि को विधिवत शासन में निहित करने की प्रक्रिया भी की जाएगी।