सरगुजा
14 से 3-3 हजार और दो से 1500-1500 वसूला जुर्माना
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 23 सितंबर। शराबबंदी को लेकर लखनपुर क्षेत्र के ग्राम केवरी में ग्राम पंचायत ने सख्त रुख अपनाया है। गांव में पूर्ण शराबबंदी लागू होने के बाद बाहर से शराब का सेवन कर गांव पहुंचने वाले 16 लोगों के खिलाफ पंचायत ने कार्रवाई करते हुए कुल 45 हजार रुपये का आर्थिक जुर्माना वसूल किया है।
ग्राम सरपंच मैनेजर राम के अनुसार ग्राम पंचायत केवरी में 1 सितंबर 2026 से पूर्ण शराबबंदी लागू की गई है। शराबबंदी के निर्णय को लेकर ग्राम पंचायत को महिलाओं सहित ग्रामीणों का समर्थन मिला था। ग्रामीणों का कहना था कि शराब के सेवन के कारण गांव में विवाद और अन्य सामाजिक समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इन्हीं समस्याओं को देखते हुए पंचायत ने गांव में शराब के सेवन पर रोक लगाने का निर्णय लिया।
शराबबंदी लागू होने के बाद पंचायत द्वारा गांव में लगातार निगरानी की जा रही है। इसी दौरान बाहर से शराब पीकर गांव पहुंचे 16 लोगों को पंचायत ने पकड़ा। इनमें से 14 लोगों पर तीन-तीन हजार रुपये तथा दो लोगों पर 1500-1500 रुपये का आर्थिक जुर्माना लगाया गया। इस तरह पंचायत ने कुल 45 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया।
पंचायत की इस कार्रवाई के बाद गांव में शराबबंदी को लेकर सख्ती का संदेश गया है। पंचायत ने स्पष्ट किया है कि शराबबंदी के निर्णय का पालन सुनिश्चित कराने के लिए आगे भी निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी। वहीं गांव की महिलाओं और ग्रामीणों ने पंचायत के इस निर्णय का समर्थन करते हुए इसे गांव के हित में उठाया गया कदम बताया है।