सरगुजा

त्योहार सीजन में बाजारों की पार्किंग व यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त
22-Sep-2026 8:49 PM
त्योहार सीजन में बाजारों की पार्किंग व यातायात व्यवस्था होगी दुरुस्त

कैट और नगर निगम की बैठक में बनी सहमति, प्रमुख बाजारों में उडऩदस्ता करेगा नियमित निगरानी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 सितंबर। त्योहार सीजन को देखते हुए शहर में सुगम यातायात, व्यवस्थित पार्किंग और सुरक्षित व्यापार व्यवस्था को लेकर कैट सरगुजा एवं नगर निगम के बीच पहल शुरू की गई है। इसी सिलसिले में कैट सरगुजा की टीम ने नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल से मुलाकात कर बाजारों की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। बैठक में कैट प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी, जिला अध्यक्ष रंजय स्वर्णकार, अजीत अग्रवाल, सुनील अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, धीरेंद्र अग्रवाल, वाहिद रहमानी, अभिषेक सिंह ‘पिंटू’, मुकेश शर्मा एवं महेंद्र सिंह टुटेजा उपस्थित रहे।

बैठक में देवीगंज रोड, स्कूल रोड, सदर रोड, ब्रह्म रोड सहित शहर के प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले बाजार क्षेत्रों में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने और यातायात बाधित होने की समस्या पर विस्तार से चर्चा हुई। तय किया गया कि आगामी दो माह के त्योहार सीजन के दौरान नगर निगम का उडऩदस्ता शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में नियमित निगरानी करेगा।

सडक़ पर सामान रखकर बिक्री करने और वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण यातायात बाधित न हो, इसके लिए दुकानदारों को समझाइश देने के साथ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कैट ने दशहरा और दीपावली के दौरान अग्नि सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रमुख बाजार क्षेत्रों में फायर ब्रिगेड की टीम को भी मुस्तैद रखने का आग्रह किया।

बैठक में कहा गया कि नगर निगम, पुलिस प्रशासन और कैट के समन्वय से ऐसी व्यवस्था विकसित करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे आम उपभोक्ताओं को परिवार सहित बाजार आने, सुविधाजनक पार्किंग करने और सुरक्षित वातावरण में खरीदारी करने की सुविधा मिल सके। वहीं व्यापारियों को भी व्यवस्थित रूप से कारोबार करने का अवसर मिले।

नगर निगम आयुक्त विनय अग्रवाल ने कहा कि कैट का सहयोग मिलने से अंबिकापुर में बेहतर बाजार व्यवस्था विकसित की जा सकती है। इससे बाजारों में व्यवस्था सुधरेगी और आम जनता सुविधाजनक एवं सुरक्षित तरीके से खरीदारी कर सकेगी।

कैट प्रदेश उपाध्यक्ष रविंद्र तिवारी ने कहा कि त्योहार का समय व्यापारियों के लिए महत्वपूर्ण होता है। व्यापार और ग्राहक सुविधा के बीच संतुलन बनाते हुए बाजारों को व्यवस्थित रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। कैट प्रशासन के साथ समन्वय कर सुगम यातायात, सुरक्षित व्यापार और बेहतर बाजार व्यवस्था के लिए सहयोग जारी रखेगा।


अन्य पोस्ट