सरगुजा
रकम मांगने पर गाली-गलौज और धमकी देने का आरोप
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,21 सितंबर। कोतवाली पुलिस ने करीब 2 करोड़ 39 लाख 98 हजार 700 रुपये के लेनदेन में कथित धोखाधड़ी, रकम वापस मांगने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में मां शक्ति स्टील ट्रेडर्स के संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को 20 सितंबर को गुदरी चौक से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, पुराना बस स्टैंड निवासी राहुल गोयल जयहनुमान कोलडिपो, मारुति मिनरल्स और जय हनुमान रोडलाइन्स नामक फर्मों का संचालन करते हैं। कारोबार के सिलसिले में उनका सुजीत जायसवाल से परिचय था। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कारोबारी जरूरत बताते हुए सुजीत ने उनसे रकम मांगी। इसके बाद 13 अगस्त 2021 से 25 नवंबर 2022 के बीच अलग-अलग फर्मों के माध्यम से कुल 4 करोड़ 80 लाख 50 हजार रुपये दिए गए।
शिकायत के अनुसार, आरोपी ने जयहनुमान कोलडिपो के लिए 1 करोड़ 78 लाख रुपये और मारुति मिनरल्स के लिए 94 लाख रुपये वापस किए। इसके बाद 2 करोड़ 8 लाख 50 हजार रुपये बकाया रह गए। बकाया राशि के बदले उत्तर प्रदेश के दुद्धी स्थित आश्रम मोड़ में जमीन खरीदने और वहां धर्मकांटा स्थापित कराने का भरोसा दिए जाने का भी आरोप है।
शिकायतकर्ता के मुताबिक, आरोपी के कहने पर 5 से 11 मार्च 2022 के बीच आहाता एवं इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण में करीब 26 लाख रुपये खर्च किए गए। वहीं 12 जुलाई 2022 को 5 लाख 48 हजार 700 रुपये में धर्मकांटा खरीदकर देने का दावा भी किया गया है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तय समय पर रकम नहीं लौटाने पर बकाया राशि की मांग की गई तो जमीन की रजिस्ट्री और धर्मकांटा वापस करने से इनकार कर दिया गया। साथ ही गाली-गलौज करने और 24 मार्च को फोन पर परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है। शिकायतकर्ता ने लेनदेन से संबंधित दस्तावेज पुलिस को सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
अंबिकापुर कोतवाली पुलिस ने 12 जून 2026 को अपराध क्रमांक 0398/2026 दर्ज कर बीएनएस की धारा 318(4), 316(5), 296 और 351(3) के तहत जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर आरोपी की तलाश की जा रही थी। लगातार पतासाजी के बाद सुजीत जायसवाल को गुदरी चौक से गिरफ्तार किया गया। मामले में लेनदेन, दस्तावेज और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच जारी है।