सरगुजा
सामाजिक कार्यकर्ता ने ज्ञापन सौंपा, कार्रवाई की मांग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 21 सितंबर। शासन के निर्देशों के बावजूद संलग्न शिक्षक को मूल पदस्थापना स्थल पर नहीं भेजे जाने का आरोप लगाते हुए सामाजिक कार्यकर्ता परवेज आलम गांधी ने लोक शिक्षण सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने व्याख्याता (गणित) संतोष साहू को तत्काल उनके मूल पदस्थापन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोनगरा, जिला सूरजपुर में कार्यमुक्त करने तथा प्रतिनियुक्ति आदेश में हुई कथित त्रुटि की जांच कराने की मांग की है।
ज्ञापन में कहा गया है कि लोक शिक्षण संचालनालय द्वारा 25 जून 2026 को जारी आदेश तथा स्कूल शिक्षा मंत्री की 23 जून को हुई समीक्षा बैठक में जिला एवं विकासखंड शिक्षा कार्यालयों में लंबे समय से संलग्न शिक्षकों को उनके मूल पदस्थापना स्थल पर भेजने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद संतोष साहू, जिनकी मूल पदस्थापना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सोनगरा, जिला सूरजपुर में बताई गई है, उन्हें मूल विद्यालय भेजने के बजाय जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय सरगुजा से स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट विद्यालय केशवपुर में कार्यमुक्त किए जाने का आरोप लगाया गया है।
गांधी ने यह भी आरोप लगाया कि संतोष साहू के प्रतिनियुक्ति आदेश में मूल पदस्थापना का जिला सूरजपुर के स्थान पर सरगुजा अंकित किया गया है। उन्होंने इसे प्रथम दृष्टया प्रशासनिक त्रुटि या तथ्यात्मक विसंगति बताते हुए इसकी जांच की मांग की है।
ज्ञापन में जिला शिक्षा अधिकारी अंबिकापुर डॉ. दिनेश कुमार झा के विरुद्ध भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही यह जांच कराने का आग्रह किया गया है कि शासन के निर्देशों के बावजूद शिक्षक को मूल पदस्थापना पर भेजने के बजाय जिले में ही क्यों रखा गया और इसके लिए कौन अधिकारी जिम्मेदार हैं।
परवेज आलम गांधी ने भविष्य में शासन के आदेशों का निष्पक्ष एवं समान रूप से पालन सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की है।