सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
उदयपुर, 13 सितंबर। मैनपाट क्षेत्र से होते हुए 14 हाथियों का दल लखनपुर के पटकुरा बीट कक्ष क्रमांक 2205 से गुजरकर 11 सितंबर को केदमा क्षेत्र के बीट केदमा-बी के कक्ष क्रमांक 2204 स्थित केसमा वन क्षेत्र में पहुंचा। दिनभर जंगल में रहने के बाद शाम होते ही हाथियों का दल केसमा से डुफाखार की ओर बढ़ा। इस दौरान रास्ते में किसानों की धान की फसल को नुकसान पहुंचाते हुए लालपुर-केदमा के बीच रेण नदी किनारे जोकी नाला मुहानी सायर मार्ग के कक्ष क्रमांक पी-2225 में पहुंचा। इसके बाद दल डुफाखार की ओर बढ़ गया। फिलहाल हाथियों के जंगल क्षेत्र में होने की जानकारी है।
वन विभाग के अनुसार हाथियों के दल ने अब तक करीब दो दर्जन किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचाया है। करीब चार हेक्टेयर धान की फसल रौंदे जाने का आकलन किया गया है। केसमा, सायर, केदमा, डुफाखार, बुले, बसवार और लालपुर सहित आसपास के गांवों में हाथियों की आवाजाही की संभावना को देखते हुए ग्रामीणों को सतर्क किया गया है।
हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ने तीन अलग-अलग टीमें गठित की हैं। दल प्रभारी गिरीश वनपाल, बहादुर सिंह, मलेश्वर सिंह, वसंत राम, राजू टोप्पो, इग्निस बैक, नंद कुमार सिंह और पूरन राजवाड़े सहित वन अमला प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहा है। ग्रामीणों को मुनादी के माध्यम से जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों से दूरी बनाए रखने की समझाइश दी जा रही है।
वन विभाग की अपील के बावजूद हाथियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल और नदी क्षेत्र तक पहुंच रहे हैं। बताया गया कि कुछ ग्रामीण हाथियों का पीछा करते हुए नदी तक पहुंच गए। वन विभाग ने इसे गंभीर खतरा बताते हुए ग्रामीणों से हाथियों के करीब नहीं जाने और उन्हें घेरने या पीछा करने से बचने की अपील की है। भीड़ के कारण हाथी आक्रामक हो सकते हैं, जिससे हाथी-मानव संघर्ष की स्थिति पैदा होने का खतरा है।
एक दंतैल हाथी की भी बनी हुई है सक्रियता
14 हाथियों के दल के अलावा क्षेत्र में पिछले करीब एक महीने से एक दंतैल हाथी की सक्रियता भी बनी हुई है। यह हाथी समय-समय पर घरों और फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है। करीब एक सप्ताह पहले दंतैल पीसीबी कोयला खदान क्षेत्र में घुस गया था। वन अमले ने भारी बारिश के बीच करीब तीन घंटे की मशक्कत और कई किलोमीटर पैदल चलकर उसे खदान क्षेत्र से बाहर निकाला था।14 हाथियों के दल और पहले से सक्रिय दंतैल हाथी की मौजूदगी से वन विभाग की चुनौती बढ़ गई है।
वहीं फसल नुकसान और हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में भी भय का माहौल है। वन विभाग ने ग्रामीणों से हाथियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर भीड़ नहीं लगाने, उनका पीछा नहीं करने और जंगल, नदी या पहाड़ी क्षेत्र में जाने से बचने की अपील की है।