सरगुजा

अवैध बिजली तार की चपेट में युवक की मौत, आरोपी बंदी
13-Sep-2026 8:30 PM
अवैध बिजली तार की चपेट में युवक की मौत, आरोपी बंदी

जंगली सूअर के शिकार के लिए खेत में बिछाया था करंट

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बतौली, 13 सितंबर। जंगली सूअर के शिकार के लिए खेत के आसपास अवैध रूप से बिछाए गए बिजली के तार की चपेट में आने से एक युवक की मौत के मामले में बतौली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बिजली का तार भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ गैर इरादतन हत्या और विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को राम कैलाश ने बतौली थाने में सूचना दी कि उसका भाई रामकृष्णा कोरवा साथियों के साथ बाड़ी की सफाई का काम कर रहा था। सुबह करीब 10.30 बजे झाडिय़ों को हटाने के लिए लकड़ी का गेंड़ा लेने जाते समय वह मनबहाल कोरवा के मक्के के खेत के पास पहुंचा। इसी दौरान वह वहां बिछाए गए बिजली के तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने से रामकृष्णा की मौके पर ही मौत हो गई।

जांच में सामने आया कि मनबहाल राम ने अपने घर से अवैध बिजली कनेक्शन लेकर मक्के की फसल के किनारे जंगली सूअर के शिकार के उद्देश्य से नंगा जीआई तार बिछाया था। तार में करंट प्रवाहित था, जिसकी चपेट में आने से रामकृष्णा की जान चली गई।

सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद पुलिस ने संदेह के आधार पर मनबहाल राम (44), पिता कमंडल राम, निवासी बासाझाल, थाना बतौली को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके मेमोरण्डम के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बिजली का तार जब्त कर लिया।


अन्य पोस्ट