सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 13 सितंबर। दहेज में फ्रिज, वॉशिंग मशीन और अंगूठी नहीं मिलने को लेकर कथित रूप से प्रताडि़त की जा रही नवविवाहिता ने पानी में कूदकर आत्महत्या कर ली। मामले में सनावल पुलिस ने जांच के बाद मृतिका के पति और ससुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार ग्राम सेमरवा निवासी विंचेश्वर यादव ने थाना सनावल में मर्ग सूचना दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी नतिनी बहू 9 सितंबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजे घास काटने के लिए पियाह नाला की ओर गई थी। देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने आसपास उसकी तलाश की। इसी दौरान गांव के दीवाकर यादव के खेत के पास स्थित बाउली (छोटे तालाब) में जाल डालकर तलाश की गई, जहां मृतिका का शव पानी में फंसा हुआ मिला।
मामले में कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में मर्ग पंचनामा कराया गया। मर्ग जांच के दौरान परिजनों एवं अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस के मुताबिक, बयानों में सामने आया कि शादी के करीब एक माह बाद से ही दहेज में फ्रिज, वॉशिंग मशीन और अंगूठी नहीं देने की बात को लेकर मृतिका को पति, सास और ससुर द्वारा कथित रूप से झगड़ा एवं मारपीट कर प्रताडि़त किया जाता था। इससे परेशान होकर उसने 9 सितंबर को बाउली के पानी में कूदकर आत्महत्या कर ली।
मर्ग जांच में अपराध घटित होना पाए जाने पर थाना सनावल में अपराध क्रमांक 57/2026, धारा 80, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। विवेचना के दौरान पति दिलीप कुमार यादव (26) और ससुर सुरेश यादव (53), दोनों निवासी ग्राम सेमरवा, के विरुद्ध अपराध में संलिप्तता के पर्याप्त साक्ष्य पाए गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तारी के कारणों से अवगत कराते हुए 12 सितंबर 2026 को गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।