सरगुजा
टीएस सिंहदेव ने दिलाई सदस्यता, बालकृष्ण पाठक ने किया स्वागत
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,12 सितंबर। आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बहादुर सिंह के नेतृत्व में सरगुजा इकाई के 120 कार्यकर्ताओं ने शनिवार को पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के हाथों कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इनमें आप के प्रदेश संगठन मंत्री अलेक्जेंडर केरकेट्टा, सरगुजा जिलाध्यक्ष सीताराम मानिकपुरी और जोन सह प्रभारी नूर हसन अली सहित जिला संगठन से जुड़े पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हैं। कोरबा लोकसभा के प्रभारी अध्यक्ष विजय नायक ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली।
सैला नृत्य और गाजे-बाजे के साथ रैली के रूप में राजीव भवन पहुंचे कार्यकर्ताओं का कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। राजीव भवन के सभाकक्ष में आयोजित सदस्यता कार्यक्रम में टीएस सिंहदेव ने सभी नवागत सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि देश और प्रदेश की मौजूदा परिस्थितियों से निपटने के लिए समान विचारधारा वाले साथियों का एक साथ आना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सत्ता में नहीं होने के बावजूद कार्यकर्ताओं का कांग्रेस से जुडऩा उनके नि:स्वार्थ भाव को दर्शाता है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने कहा कि राजेंद्र बहादुर सिंह जैसे जुझारू नेतृत्वकर्ता के पार्टी में शामिल होने से संगठन मजबूत होगा। उन्होंने नवागत कार्यकर्ताओं से बूथ से लेकर जिला स्तर तक कांग्रेस को मजबूत करने की जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
राजेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि उन्होंने पहले अकेले कांग्रेस में आने का निर्णय लिया था, लेकिन आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा का मुकाबला करने के लिए एकजुट होने की जरूरत बताते हुए कांग्रेस में शामिल होने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी पुरानी पार्टी से कोई शिकायत नहीं है, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों में समान विचारधारा के लोगों का साथ आना जरूरी है।
कार्यक्रम को पूर्व 20 सूत्रीय कार्यक्रम उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल, निगम नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद, पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश गुप्ता, अलेक्जेंडर केरकेट्टा और नूर हसन अली ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, मो. इस्लाम, प्रशांत सिंह, इंद्रजीत सिंह धंजल, विनीत विशाल जायसवाल, लोकेश कुमार, मो. जमील खान, संजय सिंह और विकास शर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।