सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 सितंबर। भारतीय जनता पार्टी विधि प्रकोष्ठ सरगुजा का परिचयात्मक सम्मेलन एवं वरिष्ठ अधिवक्ता सम्मान समारोह शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय स्थित संकल्प भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से हुआ।
सम्मेलन में विधि प्रकोष्ठ के नवनियुक्त एवं सक्रिय अधिवक्ताओं का परिचय कराया गया। इस दौरान संगठन को मजबूत करने तथा विधिक माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता एवं पूर्व विधायक देवेश्वर सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता पीआर कश्यप, लखन कश्यप, एसके पाण्डेय एवं एनपी सिंह को शॉल, श्रीफल और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।
पूर्व विधायक देवेश्वर सिंह ने आपातकाल के दौर को याद करते हुए कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी अधिवक्ताओं ने सिद्धांत, लोकतंत्र और न्याय की रक्षा के लिए कानूनी एवं वैचारिक लड़ाई लड़ी। वरिष्ठ अधिवक्ता पीआर कश्यप ने युवा अधिवक्ताओं से सत्य, निष्ठा और शोषितों को न्याय दिलाने के लिए आगे आने का आह्वान किया।
भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह सिसोदिया ने कहा कि जन्मेजय पाण्डेय के नेतृत्व में विधि प्रकोष्ठ की मजबूत टीम तैयार हुई है। उन्होंने प्रत्येक माह दूसरे और तीसरे शनिवार को आयोजित होने वाले विधिक सहायता शिविर की सराहना की।
विधि प्रकोष्ठ के जिला संयोजक जन्मेजय पाण्डेय ने कहा कि अंतिम व्यक्ति तक निशुल्क न्याय और कानूनी संरक्षण पहुंचाने के लिए प्रकोष्ठ पूरी ऊर्जा से कार्य करेगा। कार्यक्रम को विधायक रामकुमार टोप्पो, महापौर मंजूषा भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह सहित अन्य ने भी संबोधित किया। संचालन सम्पूर्णान्क गुप्ता और आभार पीयूष कुमार त्रिपाठी ने व्यक्त किया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।