सरगुजा

पुलिया बही, स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी
11-Sep-2026 9:14 PM
पुलिया बही, स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

 ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने 10 किमी अधिक दूरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

उदयपुर,11 सितंबर। सरगुजा जिले के विकासखंड उदयपुर अंतर्गत पीईकेबी और पीसीबी कोयला खदानों से प्रभावित ग्राम हरिहरपुर को जोडऩे वाला मार्ग पुलिया बह जाने से आवागमन बाधित हो गया है। गुरुवार शाम करीब 7 बजे हुई तेज बारिश के दौरान साल्ही बैगापारा से हरिहरपुर जाने वाले मार्ग पर बनी अस्थायी पाइप पुलिया पानी के तेज बहाव में बह गई। इसके बाद से हरिहरपुर गांव पहुंचविहीन हो गया है।

पुलिया बहने के कारण ग्रामीणों के साथ स्कूली छात्र-छात्राओं को भी काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को कई विद्यार्थी स्कूल नहीं पहुंच सके। वहीं, कुछ ग्रामीणों और विद्यार्थियों को सूरजपुर जिले के तारा होकर साल्ही तथा उदयपुर ब्लॉक मुख्यालय पहुंचने के लिए करीब 8 से 10 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ी।

ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की स्थिति पहले से ही खराब है। इसके कारण कई दिनों से अदाणी स्कूल की बस भी गांव तक नहीं पहुंच पा रही है। पुलिया बहने के बाद ग्रामीणों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

दोपहर बाद शुरू हुआ मरम्मत कार्य

कंपनी के कर्मचारियों के अनुसार शुक्रवार सुबह से पुलिया की मरम्मत की तैयारी शुरू कर दी गई थी। दोपहर करीब 12 बजे के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया। कंपनी ने रात करीब 10 बजे तक पुलिया का काम पूरा कर आवागमन बहाल होने की संभावना जताई है।

जनपद सदस्य श्रवण वरकड़े ने बताया कि पुलिया बह जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानी हो रही है। कई छात्र-छात्राएं स्कूल नहीं पहुंच सके। ब्लॉक मुख्यालय जाने के लिए लोगों को 8 से 10 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर करना पड़ रहा है। उन्होंने स्थायी और सुरक्षित पुलिया निर्माण की जरूरत बताई है।


अन्य पोस्ट