सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर,11 सितंबर। अंबिकापुर के कांग्रेस नेता परवेज आलम गांधी ने केंद्र सरकार के 7.8 प्रतिशत जीडीपी वृद्धि के दावे पर सवाल उठाते हुए कहा कि आर्थिक विकास के आंकड़ों की चमक और आम जनता की वास्तविक स्थिति में बड़ा अंतर है।
उन्होंने कहा कि एक ओर सरकार मजबूत अर्थव्यवस्था का दावा कर रही है, वहीं दूसरी ओर करीब 80 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज उपलब्ध कराने की जरूरत पड़ रही है।
गांधी ने कहा कि यदि अर्थव्यवस्था मजबूत हुई है और आम आदमी की स्थिति बेहतर हुई है तो इतनी बड़ी आबादी को मुफ्त राशन पर निर्भर रहने की जरूरत क्यों पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि जीडीपी बढऩा और लोगों का जीवन बेहतर होना अलग-अलग बातें हैं। युवा रोजगार की तलाश में हैं, किसान बढ़ती लागत से परेशान हैं और मजदूर सीमित आय में परिवार चलाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विनिर्माण क्षेत्र को मजबूत करना और रोजगार के अवसर बढ़ाना जरूरी है। महंगाई बढऩे पर आय में वृद्धि का लाभ भी सीमित हो जाता है। गांधी ने सरकार से रोजगार, वास्तविक आय, महंगाई और आर्थिक असमानता के आंकड़े भी जनता के सामने रखने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जनता को आंकड़ों की बाजीगरी नहीं, बल्कि रोजगार, सम्मानजनक आय और महंगाई से राहत चाहिए। केवल जीडीपी बढऩे से भारत विकसित नहीं होगा, जब तक उसका लाभ आम भारतीय की जिंदगी में दिखाई न दे।