सरगुजा

5596 परिवारों ने किया पक्के मकानों में गृह प्रवेश
11-Sep-2026 9:13 PM
5596 परिवारों ने किया पक्के मकानों में गृह प्रवेश

पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल ने हितग्राहियों को सौंपी ‘खुशियों की चाबी’

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 11 सितंबर। सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के ग्राम पंचायत गोरता में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत नवनिर्मित मकानों का गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजन और फीता काटकर हितग्राहियों को उनके नए पक्के मकानों में गृह प्रवेश कराया। इस दौरान हितग्राहियों को प्रतीकात्मक रूप से ‘खुशियों की चाबी’ सौंपकर नए घर के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में जनपद पंचायत लखनपुर की अध्यक्ष शशिकला सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, ग्राम पंचायत के सरपंच-पंच, जनपद पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी खुशबू शास्त्री सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

वर्ष 2025-26 में स्वीकृत एवं पूर्ण प्रधानमंत्री आवासों में गृह प्रवेश का अवसर हितग्राही परिवारों के लिए सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व की नई शुरुआत लेकर आया। गृह प्रवेश के दौरान हितग्राही जुगेंद्र राजवाड़े और उनकी पत्नी फूलमती को मंत्री राजेश अग्रवाल ने नए घर की चाबी सौंपी। चाबी मिलते ही परिवार के सदस्यों के चेहरे पर खुशी नजर आई। परिवार ने पक्का मकान मिलने पर शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया। इसी क्रम में जोगेंद्र राजवाड़े, छीहारो, संतोष सहित अन्य हितग्राहियों को भी ‘खुशियों की चाबी’ प्रदान की गई।

मंत्री अग्रवाल ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत शेष आवासों को भी जल्द पूरा करने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित किया। अधिकारियों ने हितग्राहियों से आवास निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और अपूर्ण आवासों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।

जिले में 5596 आवासों में गृह प्रवेश

जिले में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, प्रधानमंत्री जनमन योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के तहत निर्मित कुल 5596 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम आयोजित किया गया। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 4967, प्रधानमंत्री जनमन योजना के 398 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 231 आवास शामिल हैं।

विकासखंडवार आंकड़ों के अनुसार अंबिकापुर में 1235 आवासों में गृह प्रवेश हुआ। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 1170, प्रधानमंत्री जनमन योजना के 41 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 24 आवास शामिल हैं। बतौली में 737 आवासों में गृह प्रवेश हुआ, जिनमें क्रमश: 642, 81 और 14 आवास शामिल हैं।

लखनपुर में कुल 1033 आवासों में गृह प्रवेश हुआ। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 978, प्रधानमंत्री जनमन योजना के 11 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 44 आवास शामिल हैं। लुंड्रा में 685 आवासों में गृह प्रवेश हुआ, जिसमें 450 प्रधानमंत्री आवास, 142 प्रधानमंत्री जनमन और 93 मुख्यमंत्री आवास योजना के आवास हैं।

इसी तरह मैनपाट में 577, सीतापुर में 626 और उदयपुर में 703 आवासों में गृह प्रवेश कार्यक्रम हुआ। मैनपाट में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के 469, प्रधानमंत्री जनमन योजना के 83 और मुख्यमंत्री आवास योजना के 25 आवास शामिल हैं। सीतापुर में क्रमश: 593, 24 और 9 तथा उदयपुर में 665, 16 और 22 आवासों में गृह प्रवेश कराया गया।


अन्य पोस्ट